एसटी महामंडल को ₹391 करोड़ से अधिक का फंड मंजूर
मुंबई : महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की दिवाली अच्छी रहे, इसके लिए महाराष्ट्र सरकार एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। त्योहार से पहले वेतन देने का वादा पूरा किया जा रहा है। महाराष्ट्र सरकार ने एसटी महामंडल को सितंबर 2026 में यात्रियों को दी गई रियायतों की प्रतिपूर्ति के लिए 391.02 करोड़ रुपए की निधि वितरित करने की मंजूरी दे दी है। इस संबंध में मंगलवार को शासनादेश जारी किया गया।
एमएसआरटीसी को 391.02 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी
महाराष्ट्र परिवहन मंत्री और एमएसआरटीसी के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक के लगातार प्रयासों के बाद, महाराष्ट्र सरकार ने एमएसआरटीसी को 391.02 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी है। इस संबंध में 27 अक्टूबर 2026 को एक सरकारी आदेश जारी किया गया था।
एसटी महामंडल के 83,000 कर्मियों को दिवाली से पहले मिलेगा वेतन
महाराष्ट्र में एसटी महामंडल के लगभग 83,000 अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच दिया जाता है। लेकिन, इस बार दिवाली का त्योहार 6 नवंबर से शुरू हो रहा है, इसलिए मंत्री प्रताप सरनाईक ने एमएसआरटीसी प्रशासन को निर्देश दिया कि वे तुरंत कदम उठाएं ताकि कर्मचारियों को त्योहार से पहले वेतन मिल सके।
एसटी महामंडल की किराया में छूट वाली योजनाएं
एसटी महामंडल की ओर से यात्रियों के लिए विभिन्न छूट योजनाओं के तहत सरकार से मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि अहम भूमिका निभाती है। महिला सम्मान योजना और वरिष्ठ नागरिकों के लिए किराए में छूट जैसी योजनाओं को लागू करने से एसटी महामंडल पर काफी वित्तीय बोझ पड़ता है। अगर यह प्रतिपूर्ति समय पर मिल जाए, तो निगम के वित्तीय कामकाज को सुचारू रूप से चलाने में मदद मिलती है।
महाराष्ट्र सरकार के द्वारा 391.02 करोड़ रुपए की निधि वितरित करने की मंजूरी देने वाले फैसले से बड़ी राहत मिली है। अब एमएसआरटीसी कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन देने के लिए फंड उपलब्ध है।
क्या बोले परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक?
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि सरकार और एमएसआरटीसी प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए, ताकि वित्तीय तंगी के कारण कर्मचारियों के त्योहार मनाने में कोई रुकावट न आए। राज्य परिवहन सेवा केवल एक परिवहन सुविधा नहीं है, यह महाराष्ट्र के लाखों नागरिकों के जीवन का एक अभिन्न अंग है।
एसटी प्रशासन को वेतन वितरण प्रक्रिया तुरंत पूरी करने के निर्देश
मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी इस सेवा को चौबीसों घंटे चालू रखते हैं, वे ही इस एसटी महामंडल की असली ताकत हैं। हमारी दिली इच्छा है कि उनके परिवार भी दिवाली का त्योहार खुशी-खुशी मना सकें। सरकार ने यह सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पूरा करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि कर्मचारियों को दिवाली से पहले उनका वेतन मिल जाए। अब, एसटी प्रशासन को वेतन वितरण की प्रक्रिया तुरंत पूरी कर लेनी चाहिए।