सीट बंटवारे पर निर्णय : चंद्रकांत पाटिल
मुंबई : आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना की युति निश्चित है और विविध स्तर पर सीट बटंवारे की चर्चा भी शुरू है। राज्य मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में भाजपा की महाजनादेश यात्रा जनता का आभार प्रकट करने के लिए निकाली गई है। इसके बाद शुरू होने वाले गणेशोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिवसेना नेताओं से चर्चा करके सीट बंटवारे पर निर्णय लिया जाएगा। शनिवार को नागपुर में पत्रकार सम्मलेन आयोजित किया गया था, जिसे संबोधित करते हुए यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कही। इस दौरान पाटिल ने कहा कि भाजपा की सदस्यता का काम तेजी से शुरू है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं लोगों तक पहुंच चुकी है। प्रदेशाध्यक्ष पाटिल ने विपक्षियों पर हमला बोलते हुए कहा कि ईवीएम को लेकर भाजपा पर आरोप करने वाले विपक्षी दलों के आरोप तथ्यहीन है। अगर ईवीएम की जगह चुनाव आयोग बैलट पेपर से भी चुनाव कराती है तो भाजपा ही चुनाव जीतेंगी। दूसरे पार्टी से बड़ी संख्या में आने वाले नेताओं को लेकर उन्हें विधानसभा की टिकट से क्या भाजपा के कार्यकर्ता इससे नाराज नहीं होंगे, इस सवाल के जबाब में मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि भाजपा में बड़ी संख्या में उम्मीदवार है,लेकिन विधायक, मंत्री और विभिन्न मंडलो की सदस्यों के पदों पर 95 फीसदी भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता है। इसके अलावा दूसरे पार्टी से आए हुए किसी एक व्यक्ति को अगर पार्टी उम्मीदवार बनाती है तो उसको लेकर अगर पार्टी के कार्यकर्ता नाराज होते है तो उन कार्यकर्ताओं को समझाने की जरूरत पड़ती है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ेंगी,इस सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और शिवसेना की युति पक्की है। दोनों पार्टियों के जीते हुए उम्मीदवारों की सीटें नहीं मांगी जाएगी।इसके अलावा बची हुई सीटों को लेकर चर्चा शुरू है।
विधानपरिषद के सभापति रामराजे निंबालकर और सातारा लोकसभा सीट से राकांपा सासंद उदयनराजे भोसले की भाजपा में शामिल होने की चल रही चर्चा पर बोलते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि यह सही हैं कि रामराजे निंबालकर और उदयनराजे भोसले भाजपा में प्रवेश करना चाहते है,लेकिन इसको लेकर अभी तक पार्टी के भीतर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इनको छोड़कर तीन से चार विधायक भाजपा के संपर्क में है, जिन्हें जल्द भाजपा में प्रवेश करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।उन्होंने कहा कि अगर सभापति रामराजे निंबालकर और सांसद उदयराजे भोसले भाजपा में प्रवेश करते है तो मुझे बहुत ख़ुशी होगी। मनसे प्रमुख राज ठाकरे और राकांपा के वरिष्ठ नेता अजित पवार पर होने वाली कार्रवाई को लेकर सरकार और भाजपा पर बदले की भावना की कार्रवाई की लगने वाले आरोप को पाटिल ने बेबुनियाद बताया।