मुंबई की 11 हजार वर्ग मीटर जमीन 60 साल के लीज पर देगी बीएमसी, यह है प्लान
मुंबई : मुंबई महापालिका अपनी आय बढ़ाने के लिए वरली स्थित एक महत्वपूर्ण भूखंड को 60 साल के लिए लीज पर देने की तैयारी कर रही है. वरली में महापालिका के डामर (अस्फाल्ट) प्लांट की करीब 11 हजार वर्ग मीटर जमीन को लीज पर देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. इस भूखंड की कीमत करीब 815 करोड़ रुपये प्रस्तावित की गई है. प्रशासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए सुधार समिति के सामने रखा है.
वरली का यह भूखंड बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है. यहां मेट्रो स्टेशन के साथ प्रमुख सड़कों की कनेक्टिविटी भी उपलब्ध है. इस वजह से जमीन के व्यावसायिक विकास की काफी संभावनाएं मानी जा रही हैं. महापालिका प्रशासन का मानना है कि इस जमीन को लंबे समय के लिए लीज पर देने से निगम की आय में बढ़ोतरी हो सकती है.
इतने लंबे समय के लिए लीज पर जमीन देना कितना उचित?
हालांकि, महापालिका की इतनी महत्वपूर्ण जमीन को 60 साल के लिए लीज पर देने के प्रस्ताव पर सवाल उठने लगे हैं. कांग्रेस के गुटनेता अशरफ आजमी ने इस प्रस्ताव का विरोध किया है. उनका सवाल है कि राजस्व बढ़ाने के नाम पर इतनी महत्वपूर्ण जमीन को इतने लंबे समय के लिए लीज पर देना कितना उचित है?
जमीन के इस्तेमाल और आय पर चर्चा
इस प्रस्ताव के सामने आने के बाद महापालिका की जमीन के इस्तेमाल और उससे होने वाली आय को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. अब सुधार समिति में इस प्रस्ताव पर होने वाले फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं.