मुंबई में डीजल का अवैध कारोबार पकड़ा गया! 4,500 लीटर डीजल और चार वाहन जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
मुंबई : मुंबई के पवई इलाके में डीजल की अवैध खरीद-बिक्री और कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। पवई पुलिस ने हिरानंदानी स्थित मौजे कोपरी इलाके में छापेमारी कर अवैध रूप से डीजल का भंडारण और बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मौके से करीब 4,500 लीटर डीजल, चार वाहन, लोहे के ड्रम और डीजल भरने-निकालने वाला इलेक्ट्रिक पंप जब्त किया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 49 लाख 62 हजार रुपये बताई गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पवई पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हिरानंदानी के कोपरी इलाके में वाहन पार्किंग के लिए आरक्षित स्थान पर अवैध रूप से डीजल जमा किया जा रहा है। यहां से डीजल की खरीद-बिक्री का कारोबार भी संचालित किया जा रहा था। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर छापा मारा और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अपारोज अब्दुल बारी खान (30), मोहम्मद मोइन नसीम खान (43) और सैबाज इलियास खान (22) के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि तीनों बिना किसी वैध परमिट या अधिकृत अनुमति के डीजल का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहे थे।
भारी मात्रा में डीजल और वाहन जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 4,500 लीटर डीजल, लोहे के ड्रम, महिंद्रा पिकअप ट्रक, महिंद्रा पिकअप वाहन, टाटा इंट्रा पिकअप वाहन और एक इलेक्ट्रिक पंप सहित कुल 49.62 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। वाहनों का इस्तेमाल डीजल के परिवहन और अवैध कारोबार में किए जाने की आशंका है।
इस मामले में पवई पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 287, 303(2) और 3(5), आवश्यक वस्तु अधिनियम तथा मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (आपूर्ति और वितरण का विनियमन) आदेश, 2005 के तहत कार्रवाई की गई है।