Latest News

मुंबई : अदाणी समूह को फायदा पहुंचाने के लिए पर्यावरणीय मंजूरी और सरकारी राजस्व के मामले में नियमों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने कराड़ी ऊर्जा परियोजना की मंजूरी तत्काल रद्द करने की मांग की है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 1,500 मेगावाट की करीब 5,775 करोड़ रुपये की परियोजना को शुरुआती प्रस्ताव में महज 56.75 करोड़ रुपये का दिखाया गया। इससे सरकारी खजाने को मिलने वाले राजस्व का नुकसान हुआ।

4% के बजाय जमा किए 2.27 करोड़

विजय वडेट्टीवार के अनुसार, परियोजना की लागत के आधार पर चार प्रतिशत राशि जमा होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 2.27 करोड़ रुपये जमा किए गए।

उन्होंने सवाल उठाया कि शेष राशि किसके फायदे के लिए बचाई गई। उन्होंने वन क्षेत्र, पर्यावरणीय प्रभाव और राजस्व नुकसान की स्वतंत्र जांच कराकर नियमों के विपरीत दी गई मंजूरियां रद्द करने की मांग की। उन्होंने 23 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली खरीदने पर भी सरकार को घेरा।

अदाणी ने आरोपों को बताया भ्रामक

अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड ने परियोजना की लागत घटाने के आरोपों को भ्रामक बताया है। कंपनी के अनुसार, ऑनलाइन पोर्टल पर 56.75 करोड़ का उल्लेख केवल परियोजना स्थल के सर्वेक्षण और शुरुआती जांच का खर्च है।

पूरी परियोजना की लागत 5,675 करोड़ रुपये राज्य वन्यजीव बोर्ड के सामने रखी गई थी। कंपनी का दावा है कि परियोजना निजी, गैर-वन भूमि पर है और कोयना वन्यजीव अभयारण्य से 3.2 किलोमीटर दूर है।

यह सह्याद्री टाइगर रिजर्व के अधिसूचित बफर जोन के बाहर है और किसी संरक्षित क्षेत्र या बाघ गलियारे को प्रभावित नहीं करती।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement