Latest News

मुंबई: महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमत में 1 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। इस ताजा वृद्धि के बाद अब सीएनजी की नई कीमत 90 रुपये प्रति किलो हो गई है।

नई दरें 31 अक्टूबर की आधी रात से प्रभावी हो गई हैं। पिछले दो महीनों में सीएनजी के दामों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। एमजीएल के अनुसार, अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हुई है।

इस भू-राजनीतिक संकट की वजह से घरेलू स्तर पर बनने वाली गैस और विदेशों से आयात होने वाली रीगैसिफाइड लिक्विफाइड नेचुरल गैस (आरएलएनजी) दोनों की कीमतों में तेज उछाल आया है। चूंकि दोनों के दाम अंतरराष्ट्रीय मानकों से जुड़े हैं, इसलिए इनपुट लागत काफी बढ़ गई है।

आम यात्रियों पर पड़ेगा असर

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस के आवंटन में कमी आने के कारण उसे अधिक कीमत वाले स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है। इस बढ़ी हुई लागत के असर को आंशिक रूप से संतुलित करने और उपभोक्ताओं को लगातार सीएनजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है।

इस मूल्य वृद्धि का सीधा असर मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) में चलने वाले करीब 12.93 लाख वाहनों पर पड़ेगा। इनमें निजी कारों के साथ-साथ बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा, टैक्सियां और राज्य परिवहन निगम व नगर निगमों द्वारा संचालित बसें शामिल हैं। ईंधन महंगा होने से आने वाले दिनों में सार्वजनिक परिवहन और कैब के किराए पर भी असर देखने को मिल सकता है।

बीते महीनों में लगातार बढ़े हैं दाम

इससे पहले 1 अक्टूबर को भी एमजीएल ने सीएनजी के दाम में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी, जिससे दरें 89 रुपये प्रति किलो हो गई थीं। वहीं, सितंबर में कंपनी ने कीमत में 2 रुपये का इजाफा कर इसे 88 रुपये प्रति किलो किया था।

इसी साल मई के महीने में भी सीएनजी की कीमत बढ़ाकर 86 रुपये प्रति किलो और पाइप वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की दर 52 रुपये प्रति मानक क्यूबिक मीटर (एससीएम) की गई थी।

एमजीएल ने कहा कि वह लागत को कम करने के विभिन्न विकल्पों पर काम करना जारी रखेगी, ताकि ग्राहकों पर ज्यादा बोझ न पड़े और पर्यावरण के अनुकूल स्वच्छ ईंधन के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलता रहे।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement