Latest News

मुंबई : 8 और 9 अक्टूबर 2026 को सायरन की आवाज सुनाई दे सकती है। इसे सुनकर लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।बीएमसी ने स्पष्ट किया है कि शहर में सायरन उपकरणों का परीक्षण किया जाएगा। यह पहले से तय प्रक्रिया है और इसका किसी वास्तविक आपातकालीन स्थिति या खतरे से कोई संबंध नहीं है। BMC के मुताबिक, मुंबई के फोर्ट इलाके में पुराने सचिवालय और क्रॉस मैदान के पास स्थित नागरिक सुरक्षा महाविद्यालय की इमारतों पर लगाए गए सायरन उपकरणों की जांच की जाएगी। इस दौरान सायरन बजाकर उनकी कार्यप्रणाली परखी जाएगी।

कहां-कहां सुनाई दे सकती है सायरन की आवाज?

सायरन उपकरण मुंबई में दो स्थानों पर लगाए गए हैं। इनमें फोर्ट स्थित पुराना सचिवालय और उससे जुड़ी इमारत तथा क्रॉस मैदान के पास नागरिक सुरक्षा महाविद्यालय की इमारत शामिल हैं। 8 और 9 अक्टूबर को होने वाले परीक्षण के दौरान इन स्थानों के आसपास सायरन की आवाज सुनाई दे सकती है।

सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स ने तैयार किया है सायरन उपकरण

बीएमसी के अनुसार, दिल्ली स्थित नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय के मार्गदर्शन में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स की टीम ने यह प्रोटोटाइप सायरन उपकरण तैयार किया है। अब इन उपकरणों का परीक्षण किया जा रहा है, ताकि उनकी कार्यप्रणाली की जांच की जा सके।

अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन का सहयोग करें

बीएमसी प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर किसी तरह की अफवाह न फैलाएं और न ही अपुष्ट जानकारी पर भरोसा करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल उपकरणों की जांच के लिए किया जा रहा परीक्षण है। इसलिए 8 और 9 अक्टूबर को फोर्ट और क्रॉस मैदान के आसपास सायरन सुनाई देने पर नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं है। बीएमसी ने लोगों से परीक्षण के दौरान प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement