मुजफ्फरपुर : पुणे, मुंबई और अहमदाबाद का सफर होगा आसान, पूजा में स्पेशल ट्रेनों की सौगात
मुजफ्फरपुर: पूजा की छुट्टियां मिलते ही घर लौटने की तैयारी शुरू हो गई है, लेकिन ट्रेनों में सीट मिलना बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे यात्रियों के लिए रेलवे ने राहत की राह खोली है।
दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मुजफ्फरपुर होकर कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इनमें पुणे, मुंबई, अहमदाबाद, राजस्थान और कोटा जाने वाले यात्रियों के लिए कई विकल्प मिलेंगे।
पुणे जाने वालों को मिली सीधी ट्रेन
मुजफ्फरपुर से पुणे के हडपसर के लिए 05589/05590 स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण विकल्प है। मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार शाम 7:20 बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 11:40 बजे हडपसर पहुंचेगी।
वापसी में हडपसर से प्रत्येक गुरुवार दोपहर तीन बजे खुलेगी और तीसरे दिन सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। इसका परिचालन 6 अक्टूबर से 24 नवंबर तक और वापसी में 8 अक्टूबर से 26 नवंबर तक होगा।
मुंबई के लिए भी बढ़े विकल्प
मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए रक्सौल-लोकमान्य तिलक, सहरसा-लोकमान्य तिलक और लोकमान्य तिलक-समस्तीपुर स्पेशल ट्रेनें उपयोगी रहेंगी। इससे पूजा के समय नियमित ट्रेनों में सीट नहीं मिलने पर यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
अहमदाबाद के लिए भी स्पेशल ट्रेन
अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल भी मुजफ्फरपुर होकर चलेगी। अहमदाबाद से प्रत्येक शुक्रवार को खुलकर ट्रेन तीसरे दिन सुबह सात बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में दरभंगा से प्रत्येक सोमवार को रवाना होकर अगले दिन शाम 4:35 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।