Latest News

मुंबई : मुंबई के मालाड पूर्व स्थित कुरार गांव के तानाजी नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. 29 वर्षीय महिला सुचिता सालुंखे की उसके पति आकाश सालुंखे ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी खुद गंभीर रूप से घायल पत्नी को ऑटो रिक्शा से शताब्दी अस्पताल लेकर पहुंचा. अस्पताल में डॉक्टरों ने सुचिता को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद आरोपी पति अस्पताल से फरार हो गया.

क्या है मामला?

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक आकाश और सुचिता ने प्रेम प्रसंग के बाद साल 2022 में परिवार की सहमति के बिना शादी की थी. शादी के बाद परिवार ने दोनों को घर से अलग कर दिया था, जिसके बाद दोनों किराए के मकान में रह रहे थे. आर्थिक तंगी के चलते सुचिता एक पैथोलॉजी लैब में नौकरी करती थी.

पुलिस के अनुसार, आकाश को पत्नी के नौकरी करने और घर से बाहर जाने को लेकर उसके चरित्र पर शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. आरोपी के शराब और नशे का आदी होने की बात भी सामने आई है.

कहासुनी के बाद की हत्या

घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. विवाद बढ़ने पर आकाश ने कथित तौर पर गुस्से में सुचिता पर चाकू से कई वार कर दिए. हमले में सुचिता गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ हो गई.

वारदात के बाद आरोपी उसे ऑटो से शताब्दी अस्पताल लेकर पहुंचा. डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद आरोपी बिना पुलिस को सूचना दिए अस्पताल से फरार हो गया. इस घटना के बाद दंपति का चार वर्षीय बच्चा भी बेसहारा हो गया है. घटना से परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और सदमा है.

पुलिस को आरोपी की तलाश

मामले की जानकारी मिलने के बाद कुरार पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी आकाश सालुंखे की तलाश कर रही है. साथ ही हत्या के पीछे घरेलू विवाद, पत्नी के चरित्र पर शक और आरोपी की कथित नशे की लत समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement