Latest News

मुंबई: राजनीति में एक बार फिर बड़े उलटफेर की अटकलें तेज हो गई हैं। शिवसेना (यूबीटी) में संभावित टूट की चर्चाओं के बीच दावा किया जा रहा है कि पार्टी के 9 में से 7 सांसद और कई विधायक नेतृत्व से नाराज हैं तथा एकनाथ शिंदे गुट के संपर्क में हैं। हालांकि इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसद दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि अन्य नेताओं के भी राजधानी पहुंचने की खबर है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि असंतुष्ट सांसद अलग गुट बनाकर बाद में शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल हो सकते हैं। जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें अरविंद सावंत, संजय जाधव, संजय पाटिल, नागेश बापूराव अष्टिकर, ओमप्रकाश राजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे और संजय देशमुख शामिल बताए जा रहे हैं।

इन अटकलों के बीच उद्धव ठाकरे ने रविवार को मातोश्री में अपने लोकसभा सांसदों की बैठक बुलाई। पार्टी का दावा है कि सभी नौ सांसद बैठक में शामिल हुए, जिनमें कुछ नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। दूसरी ओर, राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है और कई नेता नेतृत्व की कार्यशैली से खुश नहीं हैं। बैठक के दौरान उद्धव ठाकरे ने कथित तौर पर नेताओं को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जो पार्टी छोड़ना चाहता है, वह जा सकता है, लेकिन समय आने पर राजनीतिक जवाब भी मिलेगा। इस बयान को संभावित बगावत की चर्चाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। उधर, शिंदे खेमे की ओर से भी संकेत दिए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। माना जा रहा है कि 19 जून को शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस से पहले सियासी तस्वीर और साफ हो सकती है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement