Latest News

मुंबई : टीवी रियलिटी शो स्प्लिट्सविला X16 की चर्चित कंटेस्टेंट और मॉडल-एक्ट्रेस प्रीत सिंह ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। प्रीत ने दावा किया है कि मुंबई के एक क्लब में उन पर हमला किया गया, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी सूजी हुई आंखें और चेहरे पर चोट के निशान साफ नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद उनके फैंस और साथी कलाकार हैरान रह गए हैं। 

प्रीत सिंह पर हुआ हमला 

प्रीत सिंह ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ क्लब में बैठी थीं और सामान्य तरीके से समय बिता रही थीं। तभी अचानक एक लड़की वहां आई और तेज आवाज में सवाल उठाने लगी कि उन्हें क्लब के अंदर आने की इजाजत कैसे मिली। प्रीत के मुताबिक शुरुआत में मामला केवल बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में स्थिति बिगड़ गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि उस लड़की के साथ मौजूद एक पुरुष दोस्त ने बीच में आकर उन पर हाथ उठा दिया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और वहां मौजूद लोगों के लिए भी यह दृश्य चौंकाने वाला था। प्रीत ने कहा कि उन्हें इतनी जोर से मारा गया कि उनका एक दांत टूट गया और चेहरा बुरी तरह सूज गया। 

प्रीत ने वीडियो शेयर करके सुनाई आपबीती

प्रीत ने अपने बयान में कहा कि अगर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव नहीं किया होता तो मामला और गंभीर हो सकता था। उन्होंने कहा कि वह अभी तक सदमे में हैं और विश्वास नहीं कर पा रही हैं कि एक सार्वजनिक जगह पर उनके साथ ऐसा हो सकता है। 

घटना के बाद प्रीत को पता चला कि विवाद करने वाली महिला खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताती है। इस बात पर भी उन्होंने हैरानी जताई कि जो लोग समाज में पहचान रखते हैं, उनसे ऐसी हरकत की उम्मीद नहीं की जा सकती। 

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद प्रीत को उनके कई दोस्तों और साथी कलाकारों का समर्थन मिला। स्प्लिट्सविला X16 के अन्य प्रतिभागियों ने कमेंट कर उनके जल्द ठीक होने की कामना की। कुछ लोगों ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। 

एक साथी कंटेस्टेंट ने लिखा कि उस रात जो हुआ वो किसी बुरे सपने से कम नहीं था। वहीं दूसरे लोगों ने कहा कि प्रीत ने हिम्मत दिखाकर अपनी बात सामने रखी है, जो सराहनीय है।



Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement