वंदे भारत स्लीपर ट्रेन: बेंगलुरु से मुंबई के बीच चलेगी नई सुपरफास्ट ट्रेन
मुंबई : अब लंबी दूरी का सफर और भी आरामदायक होने वाला है। केंद्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु से मुंबई के बीच नई भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दे दी है। यह ट्रेन केएसआर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तक जाएगी। यह जानकारी बीजेपी सांसद पीसी मोहन ने एक्स हैंडल (पूर्व ट्विटर) पर दी।
प्रीमियम नाइट ट्रैवल का नया एक्सपीरियंस
यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन खास तौर पर रात में लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए बनाई जा रही है। इसमें आधुनिक सुविधाएं, बेहतर सीटिंग, स्लीपिंग अरेंजमेंट और पहले से कम समय में यात्रा पूरी करने का फायदा मिलेगा। रेलवे का मकसद है कि यात्रियों को फ्लाइट जैसे आराम ट्रेन में मिल सके, ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा रेल यात्रा को चुनें।
किन शहरों से होकर ट्रेन गुजरेगी
सेंट्रल रेलवे के सूत्रों के मुताबिक, नई वंदे भारत ट्रेन पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी, रायचूर और गुंटकल होते हुए चलेगी, जो उद्यान एक्सप्रेस का रूट है। यह नई ट्रेन सरकार के बड़े प्लान का हिस्सा है। रेलवे दिसंबर 2026 तक 12 वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें शुरू करने की तैयारी में है।
इससे पहले कामाख्य-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की गई थी। शुरुआती महीनों में इस ट्रेन की ऑक्यूपेंसी 100% से ज्यादा रही। 119 ट्रिप में करीब 1.21 लाख यात्रियों ने इसमें सफर किया, जो इस बात का संकेत है कि लोग अब लग्जरी और फास्ट ट्रेन यात्रा को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
वंदे भारत ट्रेनों की बढ़ती लोकप्रियता
वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत 2019 में हुई थी। तब से इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है। अब तक ये ट्रेनें एक लाख से ज्यादा ट्रिप पूरी कर चुकी हैं और करीब 9.1 करोड़ यात्रियों को सफर करा चुकी हैं।
मुंबई-बेंगलुरु के बीच यात्रा आसान होगी
बेंगलुरु और मुंबई देश के बड़े आर्थिक केंद्र हैं। इनके बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने से न सिर्फ यात्रा तेज होगी, बल्कि लोगों को आरामदायक और बेहतर कनेक्टिविटी का विकल्प भी मिलेगा। आने वाले समय में यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा के तरीके को पूरी तरह बदल सकती है। जहां स्पीड, कंफर्ट और फैसिलिटी तीनों एक साथ मिलेंगे।