चीन से आया कंटेनर मुंबई पोर्ट पर उतरा, अंदर से मिला ऐसा इलेक्ट्रॉनिक सामान, खुफिया एजेंसियों के खड़े हो गए कान!
मुंबई : देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में राजस्व खुफिया निदेशालय ने एक बेहद चौंकाने वाले इंटरनेशनल स्मगलिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है. राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए चीन से अवैध तरीके से 11,060 ऐसे ब्लैकलिस्टेड वॉकी-टॉकी मंगाए गए थे, जिन पर भारत सरकार ने सख्त पाबंदी लगा रखी है. इस महा-ऑपरेशन में 30 करोड़ रुपये का माल जब्त कर लेमिंगटन रोड के दो शातिर व्यापारियों (पिता और पुत्र) को गिरफ्तार किया गया है.
डीआरआई की टीम ने सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर मुंबई पोर्ट पर 8 कंटेनरों को इंटरसेप्ट किया. इन कंटेनरों में अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक सामानों की आड़ में खतरनाक उपकरण छिपाए गए थे. गहन तलाशी के दौरान Baofeng BF-888S ब्रांड के 11,060 वॉकी-टॉकी बरामद हुए. इनकी कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी गई है.
चीनी वॉकी-टॉकी के अलावा, इन 8 कंटेनरों से 52,480 सेकंड-हैंड हार्ड डिस्क ड्राइव भी बरामद की गई हैं. यह पूरी तरह से इलेक्ट्रॉनिक कचरा है, जिसे भारत लाना सख्त मना है. इन पुरानी हार्ड डिस्क की कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है. विदेश व्यापार महानिदेशालय के विशेष लाइसेंस और अनुमति के बिना ऐसे पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामानों का आयात पूरी तरह से गैरकानूनी है.
गलत जानकारी देकर मंगाई समान
DRI अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई खास खुफिया जानकारी के आधार पर की गई थी. इस स्मगलिंग का मास्टरमाइंड मुंबई के मशहूर इलेक्ट्रॉनिक मार्केट लेमिंगटन रोड से ऑपरेट किया जा रहा था. इसे एक व्यापारी पिता और उसका बेटा मिलकर चला रहे थे. उन्होंने आगे बताया कि हमें पता चला कि बाप-बेटे अलग-अलग इलेक्ट्रॉनिक सामान के तौर पर गलत जानकारी देकर 8 कंटेनरों में वॉकी टॉकी और सेकंड हैंड रिफर्बिश्ड हार्ड डिस्क ड्राइव की स्मगलिंग करने की कोशिश कर रहे हैं. DRI ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है.