सात साल पहले मुंबई से अगवा युवती लक्सर में मिली
मुंबई : सात वर्ष पहले मुंबई से अगवा युवती को मुंबई पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र से तलाश लिया। युवती यहां दूसरे समुदाय के युवक संग रह रही थी। मुंबई पुलिस दोनों को अपने साथ लेकर गई है। मुंबई के डोंबिवली रेलवे थाना पुलिस के उपनिरीक्षक बी के होटकर के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल एससी पाटिल, एआर शेलकर और महिला हेड कांस्टेबल एमडी कांबले की टीम लक्सर पहुंची। लक्सर कोतवाली पहुंचकर उन्होंने पुलिस को मुंबई से अगवा एक युवती की लोकेशन कोतवाली क्षेत्र के गांव में मिलने की जानकारी दी।
इसके बाद लक्सर पुलिस के साथ टीम ने कोतवाली क्षेत्र के गांव से युवती और एक युवक को हिरासत में लिया। टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2019 में डोंबिवली से एक युवती लापता हुई थी। परिजन ने अज्ञात के खिलाफ उसके अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मुंबई पुलिस उसकी तलाश कर रही थी लेकिन उसका कहीं पता नहीं लग सका।
इस बीच इसी सप्ताह युवती के लक्सर के निकटवर्ती गांव में होने की पुख्ता जानकारी पुलिस को मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने उसे अपने संरक्षण में ले लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मुंबई से अगवा युवती की तलाश में मुंबई पुलिस की एक टीम कोतवाली पहुंची थी। पुलिस टीम युवती और आरोपी युवक को अपने साथ लेकर गई है।