Latest News

मुंबई : बृहन्मुंबई नगर निगम ने मुलुंड और भांडुप में जल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मरम्मत और पाइपलाइन स्थानांतरित करने की योजना बनाई है। इसके कारण मंगलवार 27 जनवरी की सुबह 10 बजे से बुधवार 28 जनवरी की सुबह 10 बजे तक पानी की सप्लाई बंद रहेगी। बीएमसी के अनुसार, मुलुंड (पश्चिम) में 2400 मिमी व्यास वाली वैतरणा मुख्य जलवाहिनी के 12 कनेक्शनों को अब 2750 मिमी व्यास की अपर वैतरणा जलवाहिनी पर शिफ्ट किया जा रहा है। इसके साथ ही भांडुप के खिंडिपाड़ा में जलवाहिनी पर लोहे का ढक्कन लगाने का काम भी पूरा किया जाएगा। इसी तकनीकी प्रक्रिया के कारण पानी की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोकी जाएगी। 

इन इलाकों में नहीं आएगा पानी-

टी वार्ड (मुलुंड पश्चिम)- 

अमर नगर, पंचशील नगर, हनुमान पाड़ा, मुलुंड वसाहत, स्वप्ननगरी, वीणा नगर, योगी हिल, वैली नगर, घाटीपाड़ा और गुरु गोविंद सिंह मार्ग परिसर। इसके अलावा मुलुंड-गोरेगांव लिंक रोड क्षेत्र, एलबीएस मार्ग, डॉ. आर. पी. मार्ग, पी. के. मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग, नाहुरगांव और आसपास के इलाके भी प्रभावित रहेंगे। 

एस वार्ड (भांडुप पश्चिम)-

लोअर खिंडिपाड़ा और अपर खिंडिपाड़ा परिसर 

ठाणे शहर- 

किसन नगर (पूर्व और पश्चिम) और भटवाड़ी इलाके में भी पानी की आपूर्ति बाधित रहेगी। 

मुंबई महानगरपालिका ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे पानी बंद रहने की अवधि को ध्यान में रखते हुए पहले से जरूरी पानी का भंडारण कर लें। इसके साथ ही मरम्मत कार्य के बाद अगले 24 घंटे तक पानी का उपयोग बेहद संयम से करने की सलाह दी गई है। सप्लाई बहाल होने के बाद शुरुआती कुछ दिनों तक पानी उबालकर और छानकर पीने का भी आग्रह किया गया है। बीएमसी का कहना है कि यह असुविधा अस्थायी है, लेकिन इन कामों से आने वाले समय में मुंबई की जलापूर्ति व्यवस्था और ज्यादा बेहतर बनेगी।  

 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement