मुंबई नावा शेवा पोर्ट से बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद गुप्त जानकारी पर एक्शन
लगातार दूसरे दिन नवी मुंबई की क्राइम ब्रांच की टीम को ड्रग्स की बड़ी खेप पकड़ने में कामयाबी हासिल हुई है. ड्रग्स की खेप को लेकर यह कंटेनर दुबई से नवी मुंबई के न्हावाशेवा पोर्ट में लाया गया था. क्राइम ब्रांच को इस बात की गुप्त जानकारी मिल गई थी कि यह कंटेनर नवकार लॉजिस्टिक्स के पनवेल के पास आजिवली गांव का है. क्राइम ब्रांच की टीम ने यह खुलासा किया है कि जो हेरोइन की खेप बरामद हुई है वो एक अंतर्राष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट के नेटवर्क के सप्लाई चेन का एक हिस्सा है. इस पूरे रैकेट के नेटवर्क से ना सिर्फ देश के कई इलाकों में लोग जुड़े हैं बल्कि यह रैकेट दुनिया के अन्य देशों में भी फैला हुआ है.मार्बल के नाम पर ड्रग्स लाने की टिप मिलते ही क्राइम ब्रांच हरकत में आई. पहले मार्बल्स को कंटेनर से उतारा गया. फिर कंटेनर के दरवाजे के फ्रेम पर बारीकी से देखने पर फ्रेम में ड्रग्स छुपाए जाने का शक हुआ. इसके बाद कटर मशीन की सहायता से कंटेनर के दरवाजे के फ्रेम को काटा गया ड्रग्स की एक बड़ी खेप बरामद हुई.कंटेनर के इस फ्रेम के अंदर 72.518 किलो हेरोइन की खेप बरामद हुई. इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत 362.58 करोड़ रुपए आंकी गई है. इन्हें प्लास्टिक और कागज से पैक किया गया था. ड्रग्स के ऐसे 168 पैकेट बरामद हुए.