कांग्रेस की भाजपा को चुनौती, बैलेट पेपर पर कराओ चुनाव!
मुंबई, कांग्रेस पार्टी ने भाजपा को चुनौती दी है कि हिम्मत हो तो केंद्र की भाजपा सरकार को बर्खास्त करके बैलेट पेपर पर चुनाव कराए।
भाजपा ने महाविकास आघाड़ी सरकार को बर्खास्त करके पुन: चुनाव कराने की चुनौती दी थी, जिस पर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने उक्त चुनौती भाजपा को दी है। भाजपा की खिंचाई करते हुए नाना पटोले कहा कि महाविकास आघाड़ी सरकार की स्थापना के दिन से भाजपा नेता असहज महसूस कर रहे हैं। दो साल से भाजपा ने लगातार इस सरकार को उखाड़ फेंकने के कई प्रयास किए, यहां तक कि राजभवन के माध्यम से भी कई प्रयास किए गए लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स, एनसीबी जैसी केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से भी मविआ सरकार के मंत्रियों और नेताओं के खिलाफ झूठे मामलों में फंसाकर, महाराष्ट्र को बदनाम किए लेकिन सरकार गिरी नहीं, बल्कि और मजबूत हुई। यह देखकर भाजपा नेता निराश हो गए हैं। इस निराशा में महाविकास आघाड़ी की सरकार बर्खास्त करने की भाषा भाजपा की ओर की गई है लेकिन भाजपा में हिम्मत है तो केंद्र सरकार बरखास्त करके बैलेट पर चुनाव कराए, भाजपा की हार निश्चित होगी, ऐसा पटोले ने कहा। एसटी कर्मचारियों के आंदोलन पर पूछे गए सवाल पर पटोले ने कहा कि भाजपा एसटी कर्मचारियों का नुकसान कर रही है। केंद्र की भाजपा सरकार सत्ता में आने के बाद से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, भेल जैसी सरकारी कंपनियों को उद्योगपतियों को बेच रही है और यहां वह एसटी के विलय की भूमिका निभा रही है। भाजपा का यह दोहरा चरित्र है, ऐसा पटोले ने कहा।