Latest News

मुंबई, मुंबई की लाइफलाइन मानी जानेवाली उपनगरीय लोकल ट्रेन के यात्रियों के लिए राज्य सरकार ने दिवाली से पहले बड़ी राहत दी है। आम मुंबईकर अब लोकल में सफर के लिए सीजन पास पर निर्भर नहीं रहेंगे। अब यात्री लोकल ट्रेन में सफर करने के लिए सिंगल जर्नी टिकट भी खरीद पाएंगे। सिंगल जर्नी टिकट कोविड-१९ वैक्सीन का डबल डोज ले चुके यात्रियों को ही मिलेगी। राज्य सरकार के निर्देश के बाद रविवार से ही यात्रियों को लोकल का सिंगल जर्नी टिकट मिलना शुरू हो गया। पहले उन्हें पास तो मिल ही रहा था अब टिकट मिलना भी शुरू हो गया। इस तरह डबल डोजवालों को ‘डबल’ फायदा हो गया।
बता दें कि जैसे ही रेलवे ने कल राज्य सरकार के इस दिशा-निर्देश को लागू किया, वैसे ही मुंबईकरों को भारी राहत मिली। संजना शिंदे ने बताया कि ये एक राहत की खबर है। पहले टिकट के लिए बहुत माथा-पच्ची करनी होती थी। राज्य सरकार के इस निर्णय का स्वागत है। उन्होंने बताया कि अब तक किसी को सप्ताह में एक या दो दिनों के लिए भी कहीं जाना होता था तो उसे सीजन पास बनवाना पड़ता था यानी एकाध दिन के सफर के लिए महीनेभर का किराया दो। अब यह शर्त लागू नहीं होगी। इससे पहले राज्य सरकार ने वैक्सीनेशन पूरा होने के बाद सीजन पास को लेकर यात्रा की अनुमति दी थी। इससे लाखों यात्रियों को परेशानी हो रही थी।
सिंगल जर्नी टिकट नहीं मिलने के कारण रोजाना लाखों लोग बेटिकट यात्रा करने को मजबूर थे। राज्य सरकार की ओर से सिंगल टिकट देनेवाले पत्र में लिखा गया था कि लाखों यात्री बेटिकट चल रहे हैं, जिससे रेलवे को भी नुकसान हो रहा है जबकि इससे संक्रमण का खतरा और बढ़ सकता है।
नवरात्रि के बाद दो डोज ले चुके यात्रियों की संख्या ३० लाख के पार हो गई। अब मुंबई में रोजाना करीब ५० लाख यात्री आधिकारिक तौर पर चल रहे हैं। सिंगल टिकट मिलने के बाद यात्रियों की भीड़ में और इजाफा होगा।

 

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement