राज्य में ईडी चला रही है अभियान!
मुंबई, राकांपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं जल संसाधन मंत्री जयंत पाटील ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि केंद्र सरकार देश को अलग दिशा में ले जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के इशारे पर ही राज्य में ईडी का अभियान चलाया जा रहा है।
जयंत पाटील ने कहा कि देश के हालात आज बदल गए हैं। भाजपा की मानसिकता लखीमपुर खीरी जैसे इलाकों में लोगों को कुचलने की है। अगर देश में भाजपा सरकार के खिलाफ आवाज उठाई जाती है तो तुरंत विभिन्न जांच एजेंसियां पूछताछ के लिए लगा दी जाती हैं। राज्य सरकार को नाहक बदनाम किया जा रहा है। जब लखीमपुर घटना की तुलना शरद पवार ने जलियांवाला बाग हत्याकांड से की तो केंद्र सरकार ने अजीत पवार की जांच शुरू कर दी। अजीत पवार को बेवजह बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता ईडी को गाइड कर रहे हैं, जिसके मुताबिक राज्य में ईडी अभियान चला रही है।
केंद्र सरकार हर दिन र्इंधन की कीमतें बढ़ाने के लिए काम कर रही है। केंद्र सरकार की मानसिकता नहीं है कि देश के किसानों को चार पैसे मिलें। भाजपा किसानों के खिलाफ काम करके उनका गला घोंट रही है, ऐसा आरोप जयंत पाटील ने लगाया। इस देश में हर चीज का निजीकरण करने का काम चल रहा है। जिसको दो लोग खरीद रहे हैं, देश की ऐसी स्थिति है, ऐसा भी पाटील ने कहा।