Latest News

मुंबई,  बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर बेल्ट बनने से यह चक्रवात में बदल गया है। मौसम विभाग ने इस चक्रवात को ‘गुलाब’ नाम दिया है। इस चक्रवात के आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने इन सभी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि महाराष्ट्र भी कुछ हद तक प्रभावित होगा क्योंकि तूफान ओडिशा और छत्तीसगढ़ से विदर्भ की ओर बढ़ेगा।
चक्रवात ‘गुलाब’ तेज हो गया है। उत्तरी आंध्र प्रदेश और इससे सटे दक्षिणी ओडिशा के लिए तूफान की चेतावनी जारी की गई है। आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान ७०-८० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
महाराष्ट्र में आज, सोमवार २७ सितंबर से अगले तीन से चार दिन तक बारिश होगी। विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कोकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है।
मुंबई में आज और कल भारी बारिश होने का अनुमान है। ठाणे और पालघर में बुधवार तक भारी बारिश होने की संभावना है। रायगढ़, रत्नागिरी, धुले, नंदुरबार और जलगांव के लिए कल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभाजी नगर, जालना, अकोला, अमरावती के लिए आज के लिए ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग की ओर से जारी किया गया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ ही तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
महाराष्ट्र मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र शनिवार से ‘गुलाब’ चक्रवात में बदल गया है। चक्रवात के पश्चिम की ओर बढ़ने और उत्तरी आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम और दक्षिण ओडिशा के गोपालपुर तट से गुजरने की उम्मीद है।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement