घटे कोरोना मरीज, सरकारी उपाययोजना हो रही सफल
मुंबई, महाराष्ट्र सरकार द्वारा त्योहारों के बीच किए गए उपाययोजनाओं के कारण त्योहारों में भी कोरोना को लेकर गुड न्यूज आई है। पिछले ३ दिनों का आकलन करें तो कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट आई है। यह महाराष्ट्र के लिए त्योहारों में हो रही भीड़भाड़ के बावजूद बड़ी राहत की खबर है। नए मामले कम मिलने से ये स्पष्ट है कि महामारी का मर्दन हो रहा है। कोरोना रोकथाम के लिए राज्य सरकार व मनपा द्वारा की गई उपाययोजनाओं के चलते ही यह संभव हो पाया है।
कोरोना कंट्रोल को लेकर देश में ही नहीं बल्कि विश्व में मुंबई मनपा और महाराष्ट्र सरकार की सराहना हो रही है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे बार-बार इसका श्रेय प्रशासन, स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिसकर्मियों और राज्य की जनता द्वारा दिए जा रहे सहयोग को देते रहे हैं। त्योहारी सीजन में डर था कि कोरोना की तीसरी लहर की संभावनाएं बढ़ सकती हैं लेकिन गोविंदा और गणेशोत्सव में कोरोना नियमों का पालन करते हुए राज्य की जनता ने जिस तरह से सहयोग दिया है, उसके सराहनीय परिणाम सामने आने लगे हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल महाराष्ट्र में कोरोना से ठीक होनेवाले मरीजों की संख्या ३,८३६ रही जबकि २,५८३ नए मरीज पाए गए। महाराष्ट्र में रिकवरी रेट बढ़ कर ९७.१८ज्ञ् हो गया है। बीते ३ दिनों से मृत्यु दर २.१२ फीसदी पर बरकरार है लेकिन इसमें अन्य प्रमुख कारण भी हैं। मुंबई का आकलन करें तो कल ४१७ मरीजों की नई पुष्टि हुई जबकि ५ लोगों की मृत्यु हो गई।
बीते रविवार को राज्य में ८,३२६ मरीज ठीक होकर घर गए जबकि ३,४१३ नए मरीज पाए गए। रविवार को ४९ मरीजों की मृत्यु हुई थी। रिकवरी रेट ९७.१६ज्ञ् रहा। मुंबई में ४१३ नए मरीजों की पुष्टि हुई जबकि ५ मरीजों की मृत्यु हुई। बीते शनिवार को राज्य में ३,८४१ मरीज ठीक होकर घर गए जबकि ३,३९१ नए मरीज पाए गए। मृतकों की संख्या ८० रही। मुंबई में शनिवार को ४७८ नए मरीज मिले जबकि ६ लोगों की मृत्यु हुई।
महाराष्ट्र में फिलहाल कोरोना की तीसरी लहर के कोई संकेत नहीं हैं, ऐसी जानकारी स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी है। त्योहारों में होनेवाली भीड़ के कारण थोड़ी कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि टीकाकरण की गति बढ़ने के कारण कोरोना संक्रमण का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। जालना में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री टोपे ने बताया कि राज्य में डेल्टा मरीजों की संख्या मौजूदा समय में स्थिर है। राज्य की जनता कोरोना नियमों का पालन करें। समय पर वैक्सीन की आपूर्ति होती तो राज्य में प्रतिदिन १५ से २० लाख लोगों को टीके लगाने की स्वास्थ्य विभाग की क्षमता है। स्वास्थ्य कर्मचारी घर-घर जाकर भी टीके लगा रहे हैं।