ठाणे में १४ डेंजर स्पॉट!
ठाणे, ठाणे मनपा क्षेत्र अंतर्गत वागले इस्टेट, इंदिरा नगर स्थित टेकड़ी, रूपा देवी पाड़ा, लोकमान्य नगर, कलवा तथा मुंब्रा में हजारों की संख्या में लोग पहाड़ियों पर या पहाड़ियों के आस-पास बसे हुए हैं। भूस्खलन की दृष्टि से इनमें से १४ स्थान खतरनाक घोषित किए गए हैं। कलवा के घोलाई नगर में जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है और ५ लोगों की जान चली गई, इसके अलावा कलवा में ५ स्थान अभी भी ऐसे हैं, जो भूस्खलन की दृष्टि से खतरनाक घोषित हैं।
उल्लेखनीय है कि भारी बरसात की वजह से मुंबई के चेंबूर, वाशी नाका, विक्रोली के सूर्यनगर तथा कलवा के घोलाई नगर में हुए भूस्खलन के चलते अनेक लोगों की मौत हो चुकी है तथा कई घायलों का इलाज चल रहा है। कलवा के घोलाई नगर में हुए भूस्खलन के बाद पहाड़ियों या आस-पास बसे लोगों में खौफ का माहौल है। डरे-सहमे कई परिवार घर बार छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर जा रहे हैं।
मुंब्रा बाईपास के बगल स्थित रहमानिया अस्पताल के पास एक माइनर भूस्खलन की सूचना आपदा प्रबंधन विभाग को मिली है। यहां भी आस-पास रहनेवालों को स्थानांतरित करने का काम किया जा रहा है। भूस्खलन की दृष्टि से मुंब्रा में ऐसे कुल ५ स्थानों को खतरनाक घोषित किया गया है। इसके अलावा भूस्खलन की दृष्टि से लोकमान्य नगर में १ तथा माजीवाड़ा, मानपाड़ा में २ स्थानों को खतनाक घोषित किया गया है तथा निवासियों को घर खाली करने का निर्देश दिया गया है।