अनधिकृत निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मोका के तहत कार्रवाई हो - दरेकर
ठाणे, कलवा घोलाई नगर में भूस्खलन दुर्घटना मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ मोका कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग विधान परिषद् में विरोधी पक्षनेता प्रवीण दरेकर ने किया है। उन्होंने कहा है कि मुंबई - ठाणे में चार घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए छोटे अधिकारियों के बदले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें। कलवा पूर्व घोलाई नगर में भूस्खलन से एक ही परिवार के पांच लोगों की मृत्यु व दो बहनों के घायल होने की घटना सोमवार को हुई । आज मंगलवार को विधान परिषद् में विरोधी पक्षनेता दरेकर कलवा की छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में घायलों को देखने आए। उस समय उनके साथ भाजपा ठाणे शहर जिला अध्यक्ष एड निरंजन डावखरे, विधायक संजय केलकर, मनपा में भाजपा गटनेता मनोहर डुंबरे, नगर सेवक व पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान दरेकर ने कहा कि मुंबई, ठाणे में चार घटनाएं अत्यंत दुखद हैं। शासकीय यंत्रणा से मिलकर भूमाफियाओं ने अनधिकृत निर्माण किया है। गरीबी के चलते नागरिकों पर आफत आ रही है। जिन अधिकारियों के समय में अनधिकृत निर्माण हुए हैं ऐसे जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मोका कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे अधिकारियों की बजाय मनपा आयुक्त व समकक्ष अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। दरेकर ने कहा कि मुंबई, ठाणे में 25 वर्षों से अधिक समय से शिवसेना की सत्ता है। झोपड़पट्टी मुक्त मुंबई शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की संकल्पना से एसआरए योजना लागू की गयी लेकिन शिवसेना ने विकास के बदले अनधिकृत निर्माण को बढ़ावा दिया । जिसके कारण आज दुर्घटना में लोगों को जान गंवाना पड़ रहा है।