Latest News

मीरा रोड, दहिसर चेक नाका के पास एक भव्य कमानी का निर्माण वर्षों पूर्व किया गया था। मगर मेट्रो मार्ग में यह कमानी बाधा बन रही थी। इसके कारण हाल ही में मुंबई महानगरपालिका ने मेट्रो के ठेकेदार को यह कमानी तोड़कर वहां से हटाने की अनुमति दे दी है, जिससे अब इस कमानी को तोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस तरह बरसों तक शान से खड़ी रहनेवाली इस कमानी की कहानी अब खत्म हो गई है।
बता दें कि पश्चिम महामार्ग से मुंबई की तरफ जाते समय मीरा-भायंदर और दहिसर की सीमा पर मुंबई मनपा ने कई वर्ष पूर्व एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया था। यातायात की सुलभता के लिए इसी प्रवेश द्वार से कुछ दूरी पर उड़ान पुल और टोल नाका भी बनाया गया था। दिन-प्रतिदिन बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण दहिसर चेक नाका पर घंटों ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होने लगी थी। वहीं विरार-चर्चगेट लोकल ट्रेन में भी भारी भीड़ होने की वजह से मीरा-भायंदरकरों को जान मुट्ठी में लेकर लोकल ट्रेनों में लटक कर सफर करना पड़ता था। लोगों की यातायात सुविधा के लिए राज्य सरकार ने मुंबई में जगह-जगह मेट्रो प्रकल्प की शुरुआत की। इसी के तहत वर्ष २०१७ में अंधेरी से दहिसर तक मेट्रो-७ के निर्माण की शुरुआत की गई। मीरा-भायंदर की जनता की जोरदार मांग व शिवसेना विधायक प्रताप सरनाईक के प्रयासों से मेट्रो मार्ग-७ का विस्तार कर दहिसर से मीरा-भायंदर मेट्रो मार्ग-९ को राज्य सरकार ने वर्ष २०१८ में अनुमति प्रदान की। इसका निर्माण कार्य वर्ष २०१९ में शुरू किया गया। इस मार्ग पर फिलहाल मेट्रो के खंभों का तेजी से निर्माण जारी है। दहिसर से मीरा-भायंदर के लिए विस्तारित की गई मेट्रो-९ के इसी मार्ग में दहिसर चेक नाका पर बनाए गए कमानी की वजह से अड़चनें आ रही थीं। इसे अब तोड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कमानी को तोड़ने के लिए आधुनिक तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे इस महामार्ग की यातायात बाधित न हो।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement