ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे की बढ़ेगी चमक, मरम्मतीकरण का निर्णय
मुंबई : मुंबई, ठाणे और गुजरात आने और जाने के लिए महत्वपूर्ण सड़क ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे का मरम्मतीकरण करने का निर्णय मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा लिया गया है। इस मरम्मतीकरण कार्य के बाद ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे सड़क पूरी तरह से कड़क हो जाएगी। इसकी चमक बढ़ेगी और साथ ही यात्रियों की यात्रा भी आसान और सुहानी हो जाएगी। एमएमआरडीए द्वारा मिली जानकारी के आधार पर कुछ वर्षों के भीतर सड़क मरम्मतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा और हाइवे पर हो रही दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर सायन से लेकर ठाणे स्थित माजीवाड़ा तक मरम्मतीकरण और डांबरीकरण का कार्य चल रहा है। इसके लिए एमएमआरडीए कुल १३३ करोड़ रुपए का खर्च करनेवाली है।
ईस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर सायन से माजीवाड़ा तक कुल २३ किलोमीटर सड़क का मरम्मतीकरण किया जाएगा। एमएमआरडीए के अनुसार इस हाइवे पर २३ किलोमीटर सड़क के मरम्मतीकरण के लिए कुल ६ वर्ष लगने की संभावना व्यक्त की गई है।
हाइवे पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं होती हैं। मरम्मतीकरण के तहत गड्ढे बंद कर दिए जाएंगे और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
एमएमआरडीए कुल ५ चरणों में हाइवे मरम्मतीकरण का कार्य करेगी। इसके तहत पहले चरण में सायन जंक्शन से छेड़ा नगर, दूसरे चरण में विक्रोली गांव से छेड़ानगर, तीसरे चरण में उषा नाला से विक्रोली गांव, चौथे चरण में उषा नाला से पुराना जकात नाका और पांचवे चरण में माजीवड़ा चेकनाका से पुराने जकात नाका तक मरम्मतीकरण का कार्य किया जाएगा।