मुंबई : उर्मिला मातोंडकर के नाम पर शुरू हुई चर्चा, संजय राउत ने भी यूं बढ़ाया सस्पेंस
मुंबई : महाराष्ट्र विधान परिषद की राज्यपाल की ओर से भरी जाने वाली 12 सीटों में से एक पर उर्मिला मातोंडकर के मनोनयन की चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि इस संदर्भ में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने खुद उर्मिला से बात की है। शुक्रवार को जब यह चर्चा आम हुई, तो मीडिया ने इस बारे में शिवसेना सांसद संजय राउत से खबर की पुष्टि करनी चाहिए।
जवाब में संजय राउत ने यह कहकर सस्पेंस और बढ़ा दिया कि राज्यपाल की ओर से नामित सीटों के लिए किसका नाम भेजना है, यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है और मुख्यमंत्री इस पर विचार करेंगे। बता दें कि 'मराठी मुलगी' मातोंडकर ने 2019 में कांग्रेस के टिकट पर मुंबई उत्तर से लोकसभा चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बाद में मुंबई कांग्रेस के कामकाज के तरीके को लेकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। हाल ही में कंगना और शिवसेना के विवाद में उर्मिला मातोंडकर ने कंगना का विरोध कर शिवसेना की हमदर्दी हासिल की है।
यह सीटें पिछले 6 महीने से खाली पड़ी हैं। महाविकास अघाड़ी सरकार में पद से वंचित नेताओं की ओर से इन्हें भरने का दबाव लगातार बनाया जा रहा है। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने कोरोना संकट के बीच दो बार राज्यपाल कोटे से उद्धव ठाकरे को विधान परिषद में मनोनीत करने की सिफारिश की थी, जिसे गवर्नर भगत सिंह कोश्यारी ने मंजूरी नहीं दी थी।