मुंबई : शराब पीने को लेकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मुंबई : दादर में एक वाॅचमैन की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी. शराब पीने को लेकर हत्या किए जाने की बात सामने आयी है. शिवाजी पार्क पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया. शिवाजी पार्क पुलिस को सूचना मिली कि दादर के गोखले रोड स्थित पत्राशेड कंपाउंड में तैनात वाॅचमैन प्रबोधन बर्मन (58) खून से लथपथ पड़ा हुआ है. पुलिस मौके पर पहुंची और बर्मन को केईएम अस्पताल में ले गयी, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बर्मन के सिर पर लोहे के पाइप से वार किया गया था. उसके शरीर पर भी जख्म थे.
पुलिस ने वारदात स्थल के आस-पास के सीसीटीवी को खंगाला, तो एक संदिग्ध पत्राशेड के पास से जाते हुए दिखायी दिया. पुलिस ने उसे ट्रेस कर पूछताछ की, तो उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि वाॅचमैन बर्मन उसका परिचित था. वे साथ में शराब पीते थे. वह शराब लेकर आया, तो बर्मन पी गया. जब उसने और शराब लाने के लिए पैसे मांगा, तो उसने देने से इनकार कर दिया. इस बात को लेकर उसे गुस्सा आ गया और उसने लोहे के पाइप से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गयी.