सड़कों को लेकर शिवसेना का मुंडन, प्रशासन को चेताया- दो दिन में काम नहीं तो शिवसेना स्टाइल में आंदोलन
मुंबई : महाराष्ट्र में मॉनसून के आगमन के साथ ही राज्य की सड़कें खस्ताहाल होना शुरू हो गई हैं। इस बीच शिवसेना ने खराब सड़कों को लेकर प्रशासन के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने नांदेड़-लातूर महामार्ग पर गड्ढों की भरमार के खिलाफ मुंडन करा आंदोलन किया और चेतावनी भी दी कि अगर 2 दिन के अंदर काम शुरू नहीं हुआ तो फिर 'शिवसेना स्टाइल' में समझाया जाएगा।
शिवसेना नेता बालू पाटिल ने बताया कि बीते कई महीनों से शिवसेना लगातार सड़क पर गड्ढों को भरने के लिए निवेदन कर रही थी लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही दिए जाते थे और काम कुछ भी नहीं होता था। इसका नतीजा ये हुआ कि इन गड्ढों की वजह से आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार होने लगे और मौतों का सिलसिला भी शुरू हो गया। इसके बावजूद प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही थी। शिवसेना इसलिए ही आंदोलन को मजबूर हो गई।