Latest News

मुंबई : महाराष्ट्र में कांग्रेस के प्रचार अभियान से दूरी बनाने वाले संजय निरुपम ने राहुल गांधी की रैलियों में शिरकत नहीं करने पर पार्टी नेता मिलिंद देवड़ा की सोमवार को आलोचना की। राहुल गांधी की रविवार को मुंबई में हुई रैलियों से देवड़ा और निरुपम, दोनों ने ही दूरी बना ली थी। दोनों ही मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष हैं।

निरुपम ने रैली में देवड़ा की गैर मौजूदगी को लेकर ट्विटर पर कहा, ‘ राहुल गांधी की मुंबई की रैलियों से मेरी अनुपस्थिति के बारे में अटकलें और संदेह निरर्थक हैं। एक महत्वपूर्ण पारिवारिक समारोह के कारण मैं पूरे दिन व्यस्त रहा, यहां तक कि देर रात तक। उन्हें पहले से सूचित कर दिया था। वह मेरे नेता हैं और वह हमेशा मेरे नेता रहेंगे। लेकिन निक्कमा क्यों गायब था?’

ट्वीट के बारे में सवाल करने पर मुंबई कांग्रेस प्रमुख एकनाथ गायकवाड़ ने कहा कि उन्हें ट्वीट के बारे में जानकारी नहीं है। दोनों नेताओं के गांधी की रैली में नहीं जाने पर गायकवाड़ ने कहा, ‘निरुपम की बेटी की रविवार को सगाई हुई है, जबकि देवड़ा देश से बाहर हैं।’

देवड़ा के करीबी सूत्रों ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और अनुशासन समिति के सदस्य सुशील कुमार शिंदे ने निरुपम को उनके सार्वजनिक बयानों के लिए चेताया है। उन्होंने कहा कि निरुपम को गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं की सभाओं से दूर रहने के लिए कहा गया था। शिंदे की टिप्पणी नहीं मिल पाई है। गौरतलब है कि गांधी के करीबी नेताओं के खिलाफ साजिश का दावा करते हुए निरुपम ने कांग्रेस के प्रचार अभियान से दूरी बना ली है।

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement