Latest News

मुंबई : दिवाली के दौरान वायु प्रदूषण पर नियंत्रण रखने और सड़कों पर जमा धूल से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए बीएमसी ने विशेष सफाई अभियान शुरू करने की तैयारी की है।

बीएमसी आयुक्त के निर्देश पर 28 अक्टूबर से 7 नवंबर 2026 तक सभी वार्डों में धूल की सफाई और निर्माण एवं तोड़फोड़ (सीएंडडी) मलबे को हटाने का अभियान चलाया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड को 15 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।

इस अभियान के तहत जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर), सांताक्रुज-चेंबूर लिंक रोड (एससीएलआर), बीकेसी कनेक्टर, पूर्वी और पश्चिमी एक्सप्रेस हाईवे, घाटकोपर-मानखुर्द रोड, एसवी रोड, लिंक रोड, कार्टर रोड और सायन-मानखुर्द रोड सहित धूल प्रभावित मार्गों पर सफाई की जाएगी। बीएमसी के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग ने सभी वार्डों के अधिकारियों को दिनवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के दौरान मशीनों से सड़कों की सफाई की जाएगी। डिवाइडर, मीडियन, ट्रैफिक आइलैंड, फुटपाथ और सड़क किनारे जमा धूल-मिट्टी हटाई जाएगी। निर्माण मलबे को उठाकर उसका उचित निपटान भी सुनिश्चित किया जाएगा। जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव और मिस्टिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। सफाई के लिए मैकेनिकल पावर स्वीपर, जेसीबी, डंपर, कचरा उठाने वाली मशीनों और पानी के छिड़काव के उपकरणों का इस्तेमाल होगा।

रोजाना रखने होंगे कार्य की प्रगति के रिकॉर्ड

अतिरिक्त मनुष्यबल और मशीनों की जरूरत का आकलन भी किया जाएगा, बीएमसी ने अभियान की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक वार्ड को रोजाना की प्रगति का रिकॉर्ड रखने को कहा है। इसमें साफ किए गए स्थानो स्वच्छ मुंबई सुंदर मुंबई तैनात कर्मचारियों और मशीनों, एकत्रित धूल एवं कचरे की मात्रा तथा उसके निपटान का विवरण दर्ज होगा।

काम की वास्तविक स्थिति जांचने के लिए जियो टैग की गई पहले और बाद की तस्वीरें तथा वीडियो भी तैयार किए जाएंगे। सहायक आयुक्तों और जोनल अधिकारियों को अभियान की निगरानी करने तथा मौके पर काम का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। बीएमसी का उद्देश्य दिवाली से पहले प्रमुख सड़कों पर धूल कम करना और सर्दियों में वायु गुणवत्ता बनाए रखने में मदद करना है।

7 आरएमसी प्लांटों को बीएमसी का नोटिस

मुंबई शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए बीएमसी ने नियमों का पालन नहीं करने वाले रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांटों के खिलाफ सख्ती बढ़ा दी है।

घाटकोपर के एन विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी सात आरएमसी प्लांटों में प्रदूषण नियंत्रण संबंधी उपायों में खामियां मिलने पर प्रशासन ने दूसरी बार चेतावनी नोटिस जारी किया है।

प्लांट संचालकों को सात दिनों के भीतर कमियां दूर करने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

मुंबई बीएमसी ने इन प्लांटों को 5 अक्टूबर को ही प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद 23 अक्टूबर को किए गए निरीक्षण में कई खामियां सामने आईं। इनमें वाहनों के टायर धोने की व्यवस्था का अभाव, प्लांटों के चारों ओर हरे कपड़े का आवरण नहीं होना, धूल रोकने के लिए फॉगिंग और पानी के छिड़काव की अपर्याप्त व्यवस्था तथा परिसर में साफ-सफाई की कमी शामिल है।

इन खामियों को देखते हुए 27 अक्टूबर को सातों प्लांटों को दोबारा नोटिस जारी किए गए। संचालकों को सुधारात्मक उपायों की तस्वीरों सहित अनुपालन रिपोर्ट भी जमा करनी होगी। बीएमसी ने इस मामले की जानकारी महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल (एमपीसीबी) को भी दी है। निर्धारित समय में नियमों का पालन नहीं करने वाले प्लांटों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement