सैलरी नहीं अब ये 'स्कोर' देखकर देंगे लोन, बैंकों ने बदला लोन देने का तरीका
नई दिल्ली. अगर आप घर खरीदने के लिए लोन (Home Loan) लेना चाहते हैं तो आपके लिए ये खबर महत्वपूर्ण है. क्योंकि कुछ सरकारी बैंकों (PSU Banks) ने लोन देने के तरीके में बदलाव किया है. बैंक अब लोन के लिए सैलरी की जगह क्रेडिट स्कोर (Credit Score) को तवज्जो दे रहे हैं. बैंक नए होम लोन के लिए क्रेडिट स्कोर का उपयोग करेंगे. अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा है तो आपको होम लोन कम ब्याज दर (Low Interest Rate) पर मिलेगा. वहीं अगर आपका क्रेडिट स्कोर खराब है तो आपको मिलने वाले होम लोन की ब्याज दर भी ज्यादा होगी.
इन तीन बैंकों ने की शुरुआत
तीन सरकारी बैंकों, बैंक ऑफ बड़ौदा (Bank of Baroda), यूनियन बैंक ऑफ इंडिया (Union Bank of India) और सिंडिकेट बैंक (Syndicate Bank) ने अपने ग्राहकों को क्रेडिट स्कोर (Credit Score) के आधार पर लोन देना शुरू किया है. इन तीनों बैंकों ने क्रेडिट इन्फॉर्मेशन ब्यूरो ऑफ इंडिया (CIBIL) से मिले क्रेडिट स्कोर स्लैब (Credit Score Slab) के आधार पर लोन देंगे.