Latest News

एक्टर बोमन ईरानी खुद को शानदार एक्टर के तौर पर स्थापित करने में कामयाब रहे हैं. लेकिन उनके करियर की दो फिल्में ऐसी हैं जिनके चलते ना केवल उन्हें काफी लोकप्रियता हासिल हुई बल्कि इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे भी गाड़े. खास बात है कि ये दोनों ही फिल्में राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी थीं. साल 2004 में आई फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस में बोमन ने एक मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ अस्थाना की भूमिका निभाई थी. उन्हें जब भी गुस्सा आता था तो वे हंसने लग जाते थे जिससे परिस्थितियां काफी फनी हो जाती थी. फिल्म में संजय दत्त एक स्टूडेंट के तौर पर उन्हें काफी परेशान करते हैं. इस सुपरहिट फिल्म ने संजय दत्त के करियर को नई दिशा दी थी और ये फिल्म उनके करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्म के तौर पर शुमार की जाती है. संजय दत्त के साथ ही डॉ अस्थाना के तौर पर बोमन के काम को भी काफी सराहा गया था. इसके पांच साल बाद बोमन एक बार फिर कॉलेज के डीन के तौर पर नज़र आए. लेकिन इस बार ये मेडिकल नहीं बल्कि इंजीनियरिंग कॉलेज था. बोमन का पाला आमिर खान, शरमन जोशी और माधवन जैसे स्टूडेंट्स से पड़ा. बोमन कॉलेज में इन तीनों की हालत खराब करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं. अपने सीरियस अंदाज में बोमन कई फनी हरकतें करते हैं. 2009 में आई फिल्म थ्री इडियट्स ने बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड्स तोड़े थे. ये बॉलीवुड और आमिर के करियर की पहली फिल्म थी जिसने 200 करोड़ से अधिक की कमाई की थी. इसके अलावा इस फिल्म ने चीन और जापान में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था और इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड लगभग 400 करोड़ का शानदार कारोबार किया था.


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement