मुंबई पर पुलिस सुरक्षा का जाल
मुंबई : आज से मोहर्रम और कल से गणेशोत्सव शुरू हो रहा है। दोनों त्यौहार एक साथ आने और इन त्यौहारों में कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए मुंबई पुलिस ने मुंबई में सुरक्षा के जाल को और मजबूत कर दिया है। ४० हजार पुलिस जवान, एसआरपी, क्यूआरटी, होमगार्ड, दंगा नियंत्रण पथक, कोस्ट गार्ड और नौसेना का कड़ा बंदोबस्त त्यौहारों में किया गया है।
कश्मीर से अनुच्छेद ३७० हटाने के बाद से आतंकी संगठन देश में तबाही मचाने की तैयारी कर रहे हैं। इसको लेकर खुफिया विभाग ने अलर्ट भी जारी किया है। गणेशोत्सव और मोहर्रम इन दोनों त्योहारों में राज्य खासकर मुंबई में कोई भी अप्रिय घटना को टालने के लिए मुंबई पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मुंबई पुलिस के ४० हजार जवान सुरक्षा के लिए हर इलाकों में तैनात रहेंगे। ड्रोन कैमरे की मदद से भीड़भाड़वाले इलाकों की लाइव रिकॉर्डिंग की जाएगी। पुलिस के अलावा एसआरपी, रैपिड एक्शन फोर्स, क्यूआरटी, होमगार्ड और स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जाएगी।
सादे वेश में रहेंगे पुलिसकर्मी
भीड़भाड़वाले इलाकों में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ रोकने और छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए सादे वेश में पुलिसकर्मी गश्त लगाते रहेंगे।
विसर्जन स्थलों पर विशेष बंदोबस्त
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के लिए विशेष सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा चौपाटियों पर लापता बच्चों को ढूंढ़ने के लिए मदद केंद्र बनाया जाएगा। विसर्जन के दौरान समुद्र में कोई डूबे नहीं, इसके लिए पुलिस लाइफ गार्ड, कोस्ट गार्ड, मनपा और नौसेना की मदद लेगी। कोस्ट गार्ड और नौसेना की मदद से यहां बोट उपलब्ध किए जाएंगे।
एटीसी की नजर
मुंबई में कोई अप्रिय घटना न घटे, इलके लिए हर पुलिस स्टेशन में कार्यान्वित एटीसी सेल के अधिकारी अपने-अपने पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आनेवाले इलाकों में गश्त लगाएंगे और संदिग्धों की धर-पकड़ करेंगे।