Latest News

मुंबई : डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की हत्या के एक आरोपी शरद कलस्कर ने अपने इकबालिया बयान में कबूल किया है कि उसने ही दाभोलकर की हत्या की थी। कलस्कर ने पुलिस को बताया कि उसने दाभोलकर को दो गोलियां मारी थीं, एक उनके सिर और दूसरी उनकी आंख में। उसने जंगल में पहले एयरगन चलाने की ट्रेनिंग ली और उसके बाद रेकी करके दाभोलकर की हत्या की थी। कलस्कर डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की हत्या करने वाले 2 शूटरों में से एक है। शरद को सीबीआई ने दूसरे शूटर सचिन अंदुरे के साथ डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। बता दें कि अंधविश्वासों के खिलाफ बोलने वाले सामाजिक कार्यकर्ता दाभोलकर की 20 अगस्त 2013 को पुणे के ओंकारेश्वर पुल पर सुबह को टहलते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

कलस्कर ने 12 अक्टूबर 2018 को शिमोंग जिले के पुलिस अधीक्षक अभिनव खरे के सामने इकबालिया बयान दिया था। कलस्कर ने पुलिस के सामने बयान में कबूल किया है कि उसे कुछ दक्षिणपंथी ग्रुप के सदस्यों ने संपर्क किया और हिंदू धर्म पर प्रवचन देने, गोहत्या, मुस्लिम कट्टरता और लव जिहाद पर विडियो दिखाए। इसके साथ ही उसे बताया गया था कि उसे मर्डर करना होगा। उसने बताया उससे यह बात वीरेंद्र तावड़े ने कही थी, जो कि मुख्य साजिशकर्ता है। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement