रेलवे स्टेशन के बाहर से डेढ़ वर्षीय बच्ची का अपहरण, फुटपाथ पर मां के साथ सो रही थी मासूम
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर फुटपाथ पर अपनी मां के साथ सो रही डेढ़ साल की बच्ची का रविवार रात को अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने एक युवक को शक के आधार पर हिरासत में लिया है। पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ भी की है। बच्ची की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
मूलरूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ निवासी बाबूलाल कई साल से परिवार के साथ कैंट स्टेशन के बाहर फुटपाथ पर रह रहा है। उसकी तीन बेटियां और पत्नी माला है। बाबूलाल दो बेटियों को लेकर कागारौल के गांव में मजदूरी के लिए गया था। रविवार रात को माला डेढ़ साल की बेटी सुमन के साथ सो रही थी। रात तकरीबन 11 बजे उसकी आंख खुली। उसे बेटी सुमन नहीं मिली। उसने आसपास तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने भी तलाश की।
एक युवक हिरासत में
फुटपाथ पर ही बाबूलाल के रिश्ते का युवक शेर सिंह भी रहता है। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने आखिरी बार बच्ची को शेरा के साथ जाते हुए देखा था। वो शराब के नशे में था। थाना प्रभारी निरीक्षक सदर ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए टीम लगा दी गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए गए हैं। मगर, बच्ची को लेकर जाता कोई नजर नहीं आ रहा है। कागारौल भी एक टीम गई थी। मगर, कागारौल में पिता अपनी दो बेटियों के साथ ही था। मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका से परिजन परेशान हैं।