श्रीलंकाई आत्मघाती हमलावर, जांच में खुलासा
मुंबई : जिन 9 आत्मघाती हमलावरों ने अप्रैल में श्रीलंका में हमला किया था, उनमें से दो सगे भाई इंसाफ और इलहम मुंबई भी आए थे। महाराष्ट्र पुलिस के एक विश्वस्त सूत्र ने बताया कि श्रीलंकाई आत्मघाती हमलावरों के मुंबई कनेक्शन को लेकर आईबी, एनआईए और कई अन्य एजेंसियों ने लंबी जांच की है। डर था कि कहीं 26/11 के डेविड हेडली की तरह इनमें से किसी ने महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों की रेकी तो नहीं की थी। अब तक की छानबीन में श्रीलंकाई आत्मघाती हमलावरों के मुंबई में आतंकी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं। एक अधिकारी के अनुसार, इंसाफ और इलहम का गरम मसाले का बिजनस है। उनके परिवार की कंपनी का नाम इशहाना एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड है। गरम मसाले के बिजनस के संबंध में मुंबई में साल 2016 में एक कॉन्फ्रेंस हुई थी। इसमें इंसाफ और इलहम दोनों मुंबई आए थे। ऐसी ही एक कॉन्फ्रेंस साल 2014 में चैन्ने में भी हुई थी। वहां भी दोनों भाई मौजूद थे। पहले मुंबई के मझगांव में गरम मसाले की मार्केट थी, इसलिए इंसाफ और इलहम व इनके पिता मोहम्मद इब्राहिम हाजिर का यहां के व्यापारियों से संपर्क था। बाद में यह बाजार नवी मुंबई में शिफ्ट हो गया। इसीलिए नवी मुंबई के तमाम व्यापारियों को ये दोनों आत्मघाती हमलावर नियमित कॉल्स करते रहते थे। जब भारत की तमाम एजेंसियों ने नवी मुंबई के कुछ व्यापारियों से पूछताछ की, तो ये व्यापारी इन दोनों भाइयों के आत्मघाती हमलावर होने की जानकारी से चौंक गए। इन्हीं व्यापारियों से पूछताछ करने के बाद भारतीय जांच एजेंसियों को पता चला कि मारे गए दोनों आत्मघाती हमलावर भाइयों में से एक इंसाफ कुछ महीने पहले गरम मसाले के बिजनस से कॉपर के धंधे में शिफ्ट हुआ था। श्रीलंका हमले में जो महिला आत्मघाती हमलावर शामिल थी, वह इंसाफ की बीवी है। इन्हीं व्यापारियों से यह भी पता चला कि दोनों आत्मघाती हमलवार भाइयों का बिजनस श्रीलंका, भारत के अलावा वेनेजुएला और फिलिपींस तक फैला हुआ था।