नई दिल्ली : देश की 17वीं लोकसभा की तस्वीर आज साफ होती जा रही है। चुनाव परिणामों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लड़ी बीजेपी और उसके सहयोगी दलों ने शानदार प्रदर्शन किया है और वह बहुमत के जादुई आंकड़े (272) से कहीं ज्यादा आगे जाते दिख रही है। इस बार खेल जगत से भी करीब 5 पूर्व खिलाड़ियों ने लोकसभ में पहुंचने के लिए अपना दावा ठोका है। बीजेपी की ओर इस बार दो खिलाड़ी चुनावी मैदान में थे और दोनों (राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और गौतम गंभीर) ने अपनी जीत सुनिश्तिच कर लोकसभा में अपनी सीट लगभग पक्की कर ली है। कांग्रेस ने तीन खिलाड़ियों को चुनाव मैदान में मौका दिया था लेकिन खिलाड़ियों पर दांव खेलने की रणनीति चुनावी समर में फ्लॉप रही और उसका कोई भी खिलाड़ी प्रत्याशी भी चुनाव जीतता नहीं दिख रहा है। जयपुर ग्रामीण की सीट पर तो मुख्य मुकाबला दो पूर्व ओलिंपियन खिलाड़ियों में ही था। यहां बीजेपी की ओर से ओलिंपिक में सिल्वर पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, जबकि कांग्रेस की ओर से ओलिंपियन और पूर्व डिस्कस थ्रो खिलाड़ी कृष्णा पूनिया मैदान में थीं। राठौड़ कांग्रेस की प्रत्याशी पर यहां भारी पड़े और उन्होंने करीब 3.50 लाख से ज्यादा वोटों के बड़े अंतर से लीड ले ली है। राठौड़ पिछले लोकसभा चुनावों में इसी सीट जीते थे और वह देश के खेल मंत्री भी हैं। लोकसभा में पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी की बात करें, तो यह भी बीजेपी से ही हैं। पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर जिन्होंने भारत को दो-दो बार वर्ल्ड चैंपियन (T20I में 2007 और वनडे में 2011) बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले गौतम गंभीर ने पूर्वी दिल्ली सीट से लोकसभा के लिए ताल ठोकी थी। यहां गंभीर का मुकाबला कांग्रेस के अमरिंदर सिंह लवली और आम आदमी पार्टी की आतिशी मार्लेना से था। क्रिकेट की पिच पर चैंपियन की तरह बल्लेबाजी करने वाले गंभीर ने यहां भी दो लाख+ वोटों से अपनी बढ़त बना चुके हैं। पेइचिंग ओलिंपिक में ब्रॉन्ज और एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाले बॉक्सर वीजेंदर सिंह कांग्रेस ने दक्षिणी दिल्ली सीट से मौका दिया था। लेकिन बीजेपी की सुनामी के सामने बीजेंदर कहीं टिक नहीं पाए। वह इस द्वंद्व में दूसरे स्थान पर भी नहीं रहे और वह आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा से भी पीछे चल रहे हैं। इस चुनाव से पहले कीर्ति आजाद बीजेपी का हिस्सा थे। लेकिन पार्टी से मतभेद होने के बाद उन्होंने चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस जॉइन कर ली। 16वीं लोकसभा में वह दरभंगा से सांसद रहे इससे पहले नई दिल्ली से भी वह सांसद रह चुके हैं। कांग्रेस में आने के बाद पार्टी ने इन चुनावों के लिए आजाद को झारखंड के धनबाद से अपना प्रत्याशी बनाया। हालांकि कांग्रेस के लिए कीर्ति यहां कोई करिश्मा नहीं दिख पा रहे हैं। वह बीजेपी के पशुपति नाथ सिंह से डेढ़ लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से पीछे हैं। 


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement