Latest News

चेन्नै : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 12वें सीजन के पहले क्वॉलिफायर में मौजूदा विजेता चेन्नै सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) आज एमए चिदम्बरम स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी तो वहीं हारने वाली टीम दूसरे क्वॉलिफायर में एलिमिनेटर मैच जीतने वाली टीम से भिड़ेगी। इस सीजन दोनों टीमों के बीच लीग दौर में हुए दो मैचों में दोनों में मंबई ने बाजी मारी थी। मुंबई इस सीजन पहली टीम थी, जिसने चेन्नै को उसके घर में हराया हो। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा और क्विंटन डी कॉक इस सीजन की बेहतरीन सलामी जोड़ियों में से एक साबित हुए हैं तो मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव ने टीम को कई मौकों पर संभाला है। आखिरी के ओवरों में हार्दिक पंड्या और कायरन पोलार्ड तेजी से रन बनाने में माहिर हैं। गेंदबाजी में मुंबई के जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा की जोड़ी चेन्नै के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। चेन्नै की बात करें, तो उसे अपने अंतिम लीग मैच में रविवार को पंजाब के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी। इस मैच में उसकी कई कमियां उजागर हुई थीं। बल्लेबाजी में उसे केदार जाधव के चोटिल होने जाने से झटका लगा है। जाधव को पंजाब के खिलाफ कंधे में चोट लग गई थी। चेन्नै के पास हालांकि बल्लेबाजी में अच्छे और बड़े नाम हैं। शेन वॉटसन, सुरेश रैना, ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायडू और खुद कप्तान धोनी का जलवा पूरी दुनिया ने देखा है। हालांकि सुपर किंग्स की गेंदबाजी धोनी के लिए चिंता का सबब हो सकती है। ऐसे में अच्छा खासा दारोमदार अनुभवी हरभजन सिंह और इमरान ताहिर के जिम्मे होगा। ब्रावो टीम के लिए कई मौकों पर तुरुप का इक्का साबित हुए हैं। उनसे भी धोनी को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।  


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement