शराब पीकर मुंबई लोकल के मोटरमन केबिन में घुसी महिला, गोरेगांव स्टेशन का वीडियो वायरल
मुंबई। रेल सुरक्षा को लेकर आए दिन चर्चा होती रहती है। खासकर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल को लेकर सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आ चुके हैं जिनमें लोग जान हथेली पर लेकर चले और अक्सर हादसों का शिकार हुए। कई बार तो मुंबई लोकल में इतनी भीड़ होती है कि सांस लेने की भी जगह नहीं होती।
कई लोग तो ट्रेन के दरवाजों पर लटकर सफर करते हैं तो कई लोग रील्स बनाने के लिए भी खतरनाक स्टंट करते दिखते हैं। इन सब के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला लोकल ट्रेन के मोटरमैन केबिन में घुसकर अजीब हरकतें कर रही।
वीडियो में क्या दिखाया गया?
दरअसल, मुंबई के गोरेगांव रेलवे स्टेशन का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती कथित तौर पर नशे की हालत में है और प्रतिबंधित मोटरमैन के केबिन में घुसने की कोशिश करती दिख रही है। वीडियो में युवती केबिन के दरवाजे का हैंडल पकड़े हुए अजीब हरकतें करते और जबरदस्ती अंदर जाने की कोशिश करते हुए देखी जा सकती है।
सुरक्षा को लेकर सवाल
वीडियो में देखा जा सकता है कि ये महिला दरवाजे के दोनों हैंडल पकड़कर झूला झूल रही है। कई सोशल मीडिया पोस्ट्स पर महिला के नशे में होने का दावा किया गया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना ने रेलवे सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतने व्यस्त स्टेशन पर ऐसी स्थिति कैसे पैदा हो गई।