19 की उम्र में मर्डर और 40 साल तक रहा फरार, मुंबई पुलिस ने पुणे से कैसे किया गिरफ्तार?
मुंबई: मुंबई पुलिस ने एक ऐसे कातिल को पकड़ा है जो 40 साल से गायब था. इस शख्स ने पुलिस और कानून की आंखों में चार दशकों तक धूल झोंकी. आरोपी का नाम सुरेश चंद्र अदागले है. उसकी उम्र अब 59 साल हो चुकी है. साकीनाका पुलिस स्टेशन की टीम ने उसे 20 अगस्त को अरेस्ट किया है. उसे पुणे जिले के रंजनगांव से पकड़ा गया. सुरेश को 19 साल की उम्र में हत्या के आरोप में पकड़ा गया था. इसके बाद उसे कोर्ट से जमानत मिल गई थी. लेकिन जेल से बाहर आते ही वह गायब हो गया. कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी निकाला था. लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. अब 40 साल बाद पुलिस ने सीक्रेट इनफॉर्मेशन और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से उसे ढूंढ निकाला है.
19 साल की उम्र में किया था मर्डर, फिर कैसे हुआ था फरार?
सुरेश चंद्र अदागले ने जवानी के दिनों में एक बड़ा जुर्म किया था. पुलिस ने उसे मर्डर केस में गिरफ्तार किया था. उस वक्त उसकी उम्र सिर्फ 19 साल थी. गिरफ्तारी के बाद मामला कोर्ट में पहुंचा. कोर्ट ने उसे जमानत दे दी थी. उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया में शामिल होने का आदेश दिया गया था. लेकिन सुरेश ने कोर्ट का आदेश नहीं माना. वह कभी अदालत में पेश नहीं हुआ. बार-बार गैरहाजिर रहने पर कोर्ट ने कड़ा एक्शन लिया. उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया गया. इसके बाद वह पुलिस की रडार से पूरी तरह गायब हो गया.
40 साल तक कहां छिपा था आरोपी, पुलिस को कैसे मिला सुराग?
फरार होने के बाद सुरेश ने अपनी पहचान पूरी तरह छिपा ली थी. वह पुणे जिले की शिरूर तहसील के रंजनगांव में रह रहा था. इतने सालों तक किसी को उसकी असली पहचान का पता नहीं चला. साकीनाका पुलिस की एक स्पेशल टीम लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश कर रही है. इस टीम ने हाल ही में सुरेश की फाइल दोबारा खोली. पुलिस ने अपने खुफिया सूत्रों को एक्टिव किया. इसके साथ ही टेक्निकल सर्विलांस का भी सहारा लिया गया. जांच में पता चला कि वह रंजनगांव में छिपकर बैठा है.
पुलिस ने कैसे बिछाया जाल और कैसे हुई आरोपी की गिरफ्तारी?
लोकेशन कंफर्म होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया. साकीनाका पुलिस की एक टीम तुरंत पुणे के लिए रवाना हो गई. पुलिस टीम ने रंजनगांव में उसके नए पते पर जाल बिछाया. पुलिस ने पूरी सावधानी बरती ताकि वह दोबारा न भाग सके. 20 अगस्त को पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. 40 साल बाद आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. अब उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.