Latest News

जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां पुलिस के पास पारिवारिक झगड़े की शिकायत दर्ज करवाने गई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद उसके ही घरवालों ने रात में ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया. इस तरह से महिला की मौत और फिर अंतिम संस्कार ने पुलिस का शक गहरा दिया है.  पुलिस जोधपुर पुलिस ने अब मामले पर खुद ही संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है और जांच भई शुरू कर दी है. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

यह मामला जिले के आसोप-भोपालगढ़ क्षेत्र का है. इस मामले की जानकारी ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने सोमवार को दी है. उन्होंने बताया कि जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने आसोप-भोपालगढ़ क्षेत्र में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत और रातों-रात अंतिम संस्कार के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है. 

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पीडी नित्या ने बताया कि 14 मई को एक दंपति आसोप थाने पहुंचा था. दोनों ने आपसी विवाद और पारिवारिक तनाव के चलते एक-दूसरे से खतरा होने की आशंका जताई थी. पुलिस ने दोनों पक्षों की मध्यस्थता  करवाई. इसके बाद महिला से पूछा गया कि यदि वह कोई शिकायत दर्ज करवाना चाहती हैं तो रिपोर्ट दर्ज की जा सकती है, लेकिन महिला ने कोई मामला दर्ज नहीं करवाया. स्थिति को गंभीर मानते हुए थाना अधिकारी ने दोनों को एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर पाबंद कराया था.

इसी दौरान महिला के भाई भी थाने पहुंचे और उन्होंने महिला की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हुए उसे अपने साथ पीहर ले जाने की बात कही. इसके बाद महिला अपने भाई के साथ चली गई, लेकिन अगले ही दिन 15 मई की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक महिला की मौत हो गई है और रात में ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. बिना पुलिस को सूचना दिए और बिना किसी इंतजार के जल्दबाजी में किए गए अंतिम संस्कार ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया है.

जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सामने आया कि मृतका वही महिला थी, जो एक दिन पहले अपने पति के साथ थाने आई थी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला ने आत्महत्या कर ली थी, इसलिए रात में ही उसका दाह संस्कार कर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वयं संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मौके पर फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) और एमओबी टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए.

पुलिस ने चिता स्थल से हड्डियों सहित अन्य अवशेष, लकड़ियों और दाह संस्कार में इस्तेमाल सामग्री के नमूने भी जब्त किए हैं. पुलिस के अनुसार शव के  अवशेष का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया है और सभी सैंपल FSL जांच के लिए भेजे जाएंगे. जांच एजेंसी को महिला की मौत से जुड़े हर पहलू की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं. एसपी पीडी नित्या ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement