बांद्रा में दिनदहाड़े 25 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड का रेता गला, अस्पताल में मौत
मुंबई : मुंबई के सबसे व्यस्त बिजनेस हब में एक चौंकाने वाली घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे बांद्र ईस्ट के टेन बीकेसी कॉम्प्लेक्स के मेन गेट के बाहर 25 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या कर दी गई। घायल गार्ड को तुरंत बांद्रा ईस्ट के गुरु नानक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अज्ञात हमलावर ने गार्ड पर चाकू से हमला किया और उसके गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद गार्ड ने किसी तरह कॉम्प्लेक्स के अंदर भागने की कोशिश की, लेकिन अंदर पहुंचते ही वह गिर पड़ा।
इलाके में दहशत
बीकेसी जैसे हाई-सिक्योरिटी वाले बिजनेस हब में दिनदहाड़े हुई इस बेरहम हत्या ने आसपास के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। लोग अब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
दूसरे सिक्योरिटी गार्ड ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया, “मैं ड्यूटी पर करीब 3 बजे पहुंचा तो पता चला कि पहले ही उस पर हमला हो चुका है। हत्या का कारण नहीं पता, लेकिन मुझे बताया गया कि उसका गला रेत दिया गया था।”
पुलिस के अनुसार, मृतक बिहार का रहने वाला था और टेन बीकेसी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता था। एक पुलिस अधिकारी ने गुमनामी की शर्त पर बताया, “अभी उसके कोई परिजन मुंबई में नहीं हैं।”