मुंबई : ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए अजब तुगलकी पेशकश
मुंबई : दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए एक अजब तुगलकी पेशकश सुनने को आ रहा है। यह पेशकश भाजपा के नवनिर्वाचित नगरसेवक मकरंद नार्वेकर की ओर से की गई है। दक्षिण मुंबई में ट्रैफिक सुधार के नाम पर लंदन-सिंगापुर जैसे विदेशी शहरों का हवाला देकर मनपा आयुक्त को चिट्ठी लिखी ग्ई है। इस चिट्ठी में भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक कंजेशन टैक्स लागू करने की मांग की गई है। यह मांग खुद विधानसभा अध्यक्ष के भाई मकरंद नार्वेकर ने की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि ज्यादा ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में अकेले यात्री के साथ आने वाले निजी वाहनों पर यह टैक्स लगाया जाए और इसे आगामी बजट में शामिल किया जाए। उनके इस तुगलकी पेशकश ने जनता में नाराजगी बढ़ा दी है।
१०० रुपए रुपए का शुल्क!
भाजपा के नवनिर्वाचित नगरसेवक नार्वेकर ने मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि मुंबई में ट्रैफिक जाम के कारण नागरिकों का बहुमूल्य समय बर्बाद होता है। खासकर व्यावसायिक इलाकों में स्थिति ज्यादा खराब रहती है। इसी के समाधान के तौर पर उन्होंने मनपा से भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले वाहनों पर ५० रुपए से १०० रुपए तक का शुल्क लगाने को कहा है। इस संबंध में उन्होंने मनपा आयुक्त भूषण गगराणी को पत्र भी लिखा है।
नगरसेवक ने लिखा है कि हाल ही में पेश आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट में ट्रैफिक जाम कम करने, प्रदूषण घटाने और आवागमन सुधारने के लिए कंजेशन चार्ज की सिफारिश की गई है। इसी आधार पर उच्च ट्रैफिक वाले इलाकों में अकेले यात्री के साथ आने वाले निजी वाहनों पर शुल्क लगाया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की है शहर के जाम ग्रस्त क्षेत्रों की पहचान कर वहां इस कर को लागू करने पर चर्चा की जाए। बता दें कि इस वर्ष मुंबई मनपा का बजट देरी से पेश होने की संभावना है। आमतौर पर ४ फरवरी को बजट स्थाई समिति में पेश किया जाता है। लेकिन इस बार चुनाव के कारण अभी तक महापौर की घोषणा और स्थाई समिति का गठन नहीं हुआ है। ऐसे में बजट में देरी तय है। इसी बीच नार्वेकर ने अपनी मांग आयुक्त के सामने रखी है।