स्पाइसजेट की एक फ्लाइट यात्रियों के लिए बुरे सपने जैसी रही
मुंबई : स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में यात्रियों के साथ हुए बर्ताव ने एक बार फिर एविएशन सेक्टर की ‘लापरवाही’ की पोल खोल दी है. मुंबई से गोवा जाने वाली फ्लाइट SG1082 के यात्रियों के लिए सफर की शुरुआत ही किसी बुरे सपने जैसी रही. यात्रियों का आरोप है कि उन्हें विमान के अंदर करीब 90 मिनट (डेढ़ घंटे) तक बिना एयर कंडीशनिंग के बैठाए रखा गया, जिससे प्लेन एक ‘धधकती भट्टी’ बन गया था.
उद्धव गुट नेता अंबादास दानवे ने एक्स पर लिखा, ‘सांस घुट रही है, अगर कुछ हुआ तो जिम्मेदार कौन होगा?’ सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए उन्होंने लिखा कि एयरलाइन की यह प्रोफेशनलिज्म बेहद शर्मनाक है. चिलचिलाती गर्मी और बंद विमान में एसी बंद होने के कारण अंदर का तापमान इतना बढ़ गया कि लोगों का दम घुटने लगा. उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और मुंबई एयरपोर्ट को टैग करते हुए सवाल पूछा है कि यह कोई फ्लाइट नहीं, बल्कि लोहे का ओवन है. अगर गर्मी के कारण किसी यात्री को हेल्थ इमरजेंसी हो जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
गुस्से में यात्री
सरकार से एक्शन की मांग गुस्साए यात्रियों ने इसे सुरक्षा के साथ बड़ा खिलवाड़ बताते हुए सरकार से सिर्फ तमाशबीन न बने रहने की अपील की है. उन्होंने स्पाइसजेट के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब डीजीसीए यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सख्त नियम बनाने का दावा करता है, लेकिन ऐसी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं.
उद्धव गुट के नेता पर एक्स पर लिखा
उद्धव गुट नेता अंबादास दानवे ने लिखा, ‘स्पाइस जेट की फ्लाइट मुंबई से गोवा 90 मिनट तक बिना एसी के खड़ी रही. गर्मी की वजह से यात्री परेशान होते रहे. स्पाइस जेट का बिल्कुल घटिया प्रोफेशनलिज़्म. फ्लाइट SG1082 के पैसेंजर 90 मिनट से ज्यादा देर तक बिना एसी के खड़ी है. लोग फंसे हुए हैं. यह मेटल की ओवन तरह हो गया है. अगर किसी पैसेंजर को गर्मी से जुड़ी कोई हेल्थ प्रॉब्लम होती है, तो इसकी ज़िम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को टैग करते हुए लिखा, ‘अब समय आ गया है कि किनारे से देखना बंद करें और सेफ्टी की इस खुली अनदेखी के खिलाफ सजा देने वाली कार्रवाई करें.’ उन्होंने एक्सपर छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के ऑफिसियल हैंडल को टैग करते हुए लिखा कि आपकी निगरानी में यह कैसे हो सकता है?’
क्या बोली कंपनी?
स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 1082 मुंबई से गोवा के लिए निर्धारित समय पर चॉक्स ऑन हो गई थी, लेकिन मुंबई एयरपोर्ट पर कंजेशन की वजह से विमान टेकऑफ नहीं कर सका. एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान विमान का एयर कंडीशनिंग सिस्टम पूरी तरह चालू रहा, लेकिन मुंबई की गर्म और उमस भरी मौसम की वजह से कुछ यात्रियों को असुविधा हुई. स्पाइसजेट ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और हमें हुई असुविधा के लिए खेद है. फ्लाइट को अंततः देरी से रवाना किया गया, लेकिन यात्रियों को लंबे समय तक विमान में इंतजार करना पड़ा.