हाल ही में बने एक नए फ्लाईओवर को लेकर घमासान
मुंबई : मीरा-भायंदर इलाके में हाल ही में बने एक नए फ्लाईओवर को लेकर लोगों में काफी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें दिखाया गया कि चार लेन वाला फ्लाईओवर आगे जाकर अचानक दो लेन का हो जाता है। इस फ्लाईओवर का वीडियो शेयर कर कांग्रेस ने हमला बोला है। इस पर मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने सफाई दी है और कहा है कि डिजाइन में कोई गलती नहीं है।
कांग्रेस ने उड़ाया मजाक
पोस्ट में सरकार पर तंज कसते हुए कहा गया है कि महाराष्ट्र में इंजीनियरिंग का 'चमत्कार'। एक फोर लेन ब्रिज अचानक से दो लेन में बदल गया। महाराष्ट्र हो या मध्य प्रदेश- बीजेपी सरकार में ऐसे जानलेवा 'चमत्कार' आम हो चुके हैं। जनता परेशान हो या हादसों में जान गंवाए, सरकार को रत्ती भर फर्क नहीं पड़ रहा। न जिम्मेदारी और न जवाबदेही।
कब सामने आया मामला?
यह मामला तब सामने आया जब जेम्स ऑफ मीरा भायंदर एक्स (पहले ट्विटर) अकाउंट की एक पोस्ट वायरल हुई। इसमें सवाल उठाया गया कि क्या मेट्रो लाइन 9 प्रोजेक्ट का हिस्सा यह डबल-डेकर फ्लाईओवर ट्रैफिक जाम को कम करने के बजाय और बढ़ा देगा। पोस्ट में दावा किया गया कि चार लेन का फ्लाईओवर अचानक दो लेन में बदल जाता है, जिससे तेजी से बढ़ते उपनगरीय इलाके में इंफ्रास्ट्रक्चर डिज़ाइन और अप्रूवल प्रोसेस पर बड़ी बहस छिड़ गई।