हार्दिक पंड्या और राहुल चाहर के दम पर मुंबई ने दिल्ली को हराया
नई दिल्ली : राहुल चाहर की अगुआई में फिरोजशाह कोटला की धीमी पिच पर स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन से मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को यहां 40 रन से जीत दर्ज करके दिल्ली कैपिटल्स के आईपीएल में लगातार तीन जीत के विजय अभियान पर रोक लगाई। दिल्ली के सामने 169 रन का लक्ष्य था लेकिन उसकी टीम नौ विकेट पर रन 128 ही बना पाई। शिखर धवन (22 गेंदों पर 35) और पृथ्वी साव (24 गेंदों पर 20) ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े लेकिन इसके बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया जो आखिर तक जारी रहा। मुंबई के तीनों स्पिनरों चाहर, जयंत यादव (चार ओवर में 25 रन) और क्रुणाल पंड्या (दो ओवर में सात रन एक विकेट) ने मिलकर दस ओवर में केवल 51 रन दिए और चार विकेट लिए। चाहर ने चार ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट निकाले। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए। इससे पहले हार्दिक पंड्या ने डेथ ओवरों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 15 गेंदों पर 32 रन बनाए। हार्दिक और उनके भाई क्रुणाल (26 गेंदों पर नाबाद 37) ने अंतिम तीन ओवरों में 50 रन जुटाए जिससे मुंबई बीच के ओवरों में जूझने के बावजूद पांच विकेट पर 168 रन बनाने में सफल रहा। क्विंटन डि कॉक (27 गेंदों पर 35 रन) और कप्तान रोहित शर्मा (22 गेंदों पर 30 रन) ने पहले विकेट के लिए 57 रन जोड़कर मुंबई को अच्छी शुरुआत दिलायी थी। बाहर के मैदानों की उछाल लेती पिचों पर अच्छा प्रदर्शन करने वाली दिल्ली को अपने घरेलू मैदान की धीमी पिच फिर से रास नहीं आई। उसकी यहां चार मैचों में यह तीसरी हार है जबकि एक मैच टाई छूटा था। दिल्ली की कुल नौ मैचों में यह चौथी हार है जबकि मुंबई की इतने ही मैचों में छठी जीत है। उसके 12 अंक हो गए हैं और उसने दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। धवन और साव ने दिल्ली को अपेक्षित शुरुआत दिलाई।
साव ने हार्दिक के पहले ओवर में दो दर्शनीय चौके लगाए लेकिन इसके बाद धवन ने लेग स्पिनर चाहर और ऑफ स्पिनर जयंत को निशाने पर रखा। पहले छह ओवर के बाद स्कोर बिना किसी नुकसान के 48 रन था लेकिन इसके बाद एकदम से पासा पलट गया। चाहर गेंद पर रिवर्स स्वीप करने से चूकने के कारण धवन की पारी लंबी नहीं खिंच पाई। चाहर ने साव को लॉन्ग ऑन पर कैच कराया और कप्तान श्रेयस अय्यर (तीन) की गिल्लियां बिखेरीं।
इस बीच बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल ने आते ही कोलिन मुनरो (नौ गेंद पर दो रन) को बोल्ड किया। दिल्ली की निगाह अब ऋषभ पंत पर टिकी थी जिन्होंने मुंबई में 27 गेंदों पर नाबाद 78 रन की धमाकेदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई थी लेकिन विश्व कप टीम में नहीं चुने जाने के कारण चर्चा में रहने वाला बाएं हाथ का यह बल्लेबाज अपने घरेलू मैदान पर पूरी तरह हताश नजर आया। बुमराह ने उनका ऑफ स्टंप उखाड़कर मुंबई की जीत सुनिश्चित कर दी।
इसके बाद अक्षर पटेल ने 23 गेंदों पर 26 रन बनाए लेकिन इसे हार का अंतर ही कम हो पाया। इससे पहले दिल्ली के दोनों स्पिनरों अमित मिश्रा (तीन ओवर में 18 रन देकर एक) और अक्षर पटेल (17 पर एक) ने सात ओवरों में 35 रन दिये। कागिसो रबाडा (35 रन देकर दो) फिर से दिल्ली के सबसे सफल गेंदबाज रहे। इशांत शर्मा (तीन ओवर में 17 रन) ने शुरू में कसी हुई गेंदबाजी की। पहले तीन ओवर में 16 रन बने। इस बीच बल्लेबाजी के लिहाज से रोहित का रबाडा पर हॉफ वॉली पर लेकर किया गया ड्राइव दर्शनीय था।
रबाडा की जगह क्रिस मौरिस आए जिनके पहले ओवर में ही 16 रन बने। इसमें डि कॉक का स्क्वायर लेग पर लगाया गया छक्का भी शामिल है। कीमो पॉल का डि कॉक और रोहित ने छक्के जड़कर स्वागत किया जिससे पावरप्ले की समाप्ति पर स्कोर 57 रन पर पहुंच गया। लेकिन इसके बाद अगले सात ओवर में केवल 35 रन बने और इस बीच तीन विकेट गिरे।
पावरप्ले के बाद स्पिनर आक्रमण पर आए। मिश्रा ने अपनी पहली लेग ब्रेक पर ही रोहित की गिल्लियां गिरा दी। यह उनका आईपीएल में 150वां विकेट था। अगले ओवर में बायें हाथ के स्पिनर पटेल ने नये बल्लेबाज बेन कटिंग को पगबाधा आउट कर दिया जबकि डि कॉक रन आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव (27 गेंदों पर 26 रन) और क्रुणाल ने चौथे विकेट के लिए 32 गेंदों पर 30 रन जोड़े। जब यादव आउट हुए तो मुंबई ने राहत ली होगी क्योंकि अब हार्दिक क्रीज पर थे। उन्होंने कीमो पॉल दो चौके और लांग आफ पर छक्का लगाने के बाद आउट होने से पहले रबाडा की गेंद भी छह रन के लिये भेजी।