पॉश हाउसिंग सोसायटी अपने फ्लैट मालिकों को हर साल करीब 2.5 लाख रुपये का भुगतान करती है
मुंबई : मुंबई जैसे शहर में जहां घर खरीदना तो दूर, महीने का मेंटेनेंस भरना भी आम आदमी के पसीने छुड़ा देता है, वहां एक ऐसी सोसायटी भी है जो अपने निवासियों से मैंटेनेंस चार्ज नहीं लेती, बल्कि यहां रहने वालों को ही हर साल पैसे देती है. जी हां, आपने बिल्कुल सही पढा. दक्षिण मुंबई की एक पॉश हाउसिंग सोसायटी अपने फ्लैट मालिकों को हर साल करीब 2.5 लाख रुपये का भुगतान करती है. यह सोसायटी है जॉली मेकर टावर. इस सोसायटी को लेकर एक दिलचस्प वीडियो एक्स पर पेटीएम संस्थापकविजय शेखर शर्मा ने शेयर किया है.
आमतौर पर मुंबई के कफ परेड या नरीमन पॉइंट जैसे इलाकों में रहने का मतलब है हजारों रुपये का मासिक मेंटेनेंस चार्ज. लेकिन जॉली मेकर के निवासियों के लिए यह शब्द शब्दकोश से बाहर है. यहां रहने वाले खुशकिस्मत लोगों को न केवल मेंटेनेंस से मुक्ति मिली हुई है, बल्कि हाउसिंग सोसायटी साल के अंत में उन्हें भारी-भरकम ‘डिविडेंड’ भी चेक के रूप में थमाती है. यह किसी सपने जैसा लगता है, लेकिन दक्षिण मुंबई के इस प्रतिष्ठित टावर में यह हकीकत है.
बिल्डर क्यों देता है पैसे
इस डिविडेंड का राज 1970 के दशक की एक स्मार्ट बिजनेस डील में छिपा है. जब बिल्डर जॉली मेकर में फ्लैट बेच रहा था तब उसने खरीदारों के सामने एक अनोखी शर्त रखी. उसने कहा कि जो भी यहां फ्लैट खरीद रहा है उसे नरीमन पॉइंट स्थित उसकी एक कमर्शियल बिल्डिंग में भी हिस्सेदारी खरीदनी होगी. उस समय लोगों को यह एक अतिरिक्त खर्च लगा होगा, लेकिन आज वही फैसला सोने का अंडा देने वाली मुर्गी साबित हुआ है.
किराये की कमाई और मालामाल सोसाइटी
नरीमन पॉइंट वाली उस कमर्शियल बिल्डिंग से आज हर महीने करीब 50 लाख रुपये का मोटा किराया आता है. यह पूरी रकम जॉली मेकर सोसायटी के फंड में जमा होती है. इसी किराये की कमाई से बिल्डिंग की साफ-सफाई, सुरक्षा, लिफ्ट और अन्य सभी मेंटेनेंस के खर्चे पूरे किए जाते हैं. खर्चे निकालने के बाद जो भारी भरकम रकम बचती है, उसे सोसायटी के सदस्यों में बांट दिया जाता है.
सालाना 2.5 लाख की एक्स्ट्रा इनकम
जॉली मेकर में रहने का मतलब है कि आप सिर्फ एक घर के मालिक नहीं हैं, बल्कि एक लाभदायक बिजनेस मॉडल के हिस्सेदार भी हैं. यहाँ के होमओनर्स को सालाना 2.5 लाख रुपये तक मिलते हैं. यानी यहां रहना अपने आप में एक निवेश है जो हर महीने कमाई करके देता है.