कलानगर का निखरेगा सौंदर्य, आकर्षण का केंद्र होंगे फ्लॉवर बेड और वॉटर फाउंटेन
मुंबई, मुंबई में यातायात की सुविधा के लिए कई फ्लाईओवर बनाए गए हैं। मगर कई जगह इन फ्लाईओवर के नीचे की जगह खाली पड़ी है जहां पर गंदगी रहती है और साथ ही कई जगह वहां असमाजिक तत्व भी नजर आते हैं। ऐसे में प्रशासन ने उनके सौंदर्यीकरण का बीड़ा उठाया है। कई जगहों को खूबसूरत बनाया भी जा चुका है। इसी कड़ी में अब बारी है बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित कलानगर जंक्शन की। उपनगर के हृदय पर स्थित इस महत्वपूर्ण जंक्शन पर बने फ्लाईओवर ने यहां पर यातायात को काफी सुगम बना दिया है। अब बारी है इसके सौंदर्यीकरण की। अक्सर फ्लाईओवर के नीचे खाली पड़ी जगह का असामाजिक तत्व दुरुपयोग करते हैं। ऐसे में इस तरह के फ्लाईओवर के नीचे की जगहों पर अब पब्लिक प्लाजा बनाया जाएगा, जहां लोगों के मनोरंजन सहित तमाम तरह की सुविधाएं होंगी। इसी के तहत पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने कालानगर पब्लिक प्लाजा परियोजना का भूमिपूजन किया।
यह पब्लिक-प्लाजा कलानगर जंक्शन योजना के पुनरोद्धार की एक व्यापक परियोजना का हिस्सा है, जिसमें विभिन्न कला और शहरी सड़क तत्वों की स्थापना शामिल है। कलानगर पब्लिक प्लाजा के साथ एमएमआरडीए का उद्देश्य कलानगर फ्लाईओवर के नीचे बचे हुए स्थान को कुशलता से सुधारना और सौंदर्य की दृष्टि से सुंदर बनाना है।
लाइट आर्ट स्कल्पचर, प्लाजा के शुरुआती बिंदु पर रखा गया एक सौंदर्यवादी डिजाइन तत्व है, जो बीकेसी कला जिले में प्रवेश को उजागर करता है। फव्वारों की अवरोही ऊंचाइयों की शृंखला के साथ रैखिक जल निकाय होगा। जल निकायों के चारों ओर छायादार झाड़ियों के साथ खूबसूरत फूलों के पौधों को लगाया जाएगा। लोगों को बैठने के लिए आसपास अच्छी सुविधाएं होंगी।
कलानगर पब्लिक-प्लाजा २,८२८ वर्ग मीटर में पैâला होगा और इसमें कलात्मक मूर्तियां, बैठने के लिए बेंच, फ्लॉवर बेड, वॉटर फाउंटेन समेत अन्य कलाकृतियां होंगी, जो इस खाली पड़े स्थान को एक मनोरंजक क्षेत्र में परिवर्तित कर देंगे और इसे बदल देंगे।