तेल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी कर रहा है त्राहि-त्राहि
मुंबई, देशभर में तेल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी त्राहि-त्राहि कर रहा है। कल फिर से सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। तेल की बढ़ी कीमतों के कारण महंगाई भी अपरंपार बढ़ गई है। डीजल के दाम ३४ से ३७ पैसे तो वहीं पेट्रोल के दाम ३१ से ३५ पैसे बढ़े हैं। देश के कई शहरों में पेट्रोल की कीमत १०० रुपए से ऊपर पहुंच चुकी है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत ११० के पार हो गई है। देश में रोजाना बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम आम आदमी की आमदनी पर असर डाल रहे हैं।
दिल्ली में पेट्रोल का दाम १०४.७९ रुपए जबकि डीजल का दाम ९३.५२ रुपए प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत ११०.७५ रुपए व डीजल की कीमत १०१.४० रुपए प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल का दाम १०५.४३ रुपए जबकि डीजल का दाम ९६.६३ रुपए लीटर है, वहीं चेन्नई में भी पेट्रोल १०२.१० रुपए लीटर है तो डीजल ९७.९३ रुपए लीटर है। आज दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल और डीजल की कीमतें इस प्रकार हैं।
बता दें कि मुंबई में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक है। ज्ञात हो कि प्रतिदिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है।