Latest News

मुंबई : महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग की परीक्षा टाले जाने के बाद विद्यार्थियों में आक्रोश था. इसे देखते हुए राज्य सरकार ने तत्परता दिखाई. इस संबंध में 2 से 3 घंटे तक मीटिंग हुई. इस मीटिंग के बाद परीक्षा की नई तारीख की घोषणा कर दी गई. नई तारीख के हिसाब से 24 और 31 अक्टूबर को परीक्षा ली जाएगी. 24 अक्टूबर को वर्ग- क की और 31 अक्टूबर को वर्ग- ड की परीक्षा ली जाएगी. यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी है. परीक्षा की तैयारी के लिए डैशबोर्ड देने, परीक्षा केंद्रों की जानकारी, उपलब्ध विद्यालयों की जानकारी 1 अक्टूबर तक मिल जाएगी. विद्यार्थियों को 9 दिनों पहले हॉल टिकट  मिल जाएगा.
राजेश टोपे ने यह जानकारी दी कि विद्यार्थियों को 9 दिनों पहले ही हॉल टिकट मिल जाएगा. राजेश टोपे ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफ़वाहों पर ध्यान ना दें. उन्होंने यह विश्वास दिलाया है कि वे किसी भी तरह से परीक्षा में गड़बड़ी या कदाचार नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि जब किसी बड़े स्तर पर और अधिक तादाद को प्रभावित करने वाली कोई परीक्षा आयोजित होती है तो ऐसे विवाद और अफवाहें उड़ती हैं. ऐसी किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर कड़ी कार्रवाई का आदेश दिया गया है.
स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी नियुक्तियों से संबंधित यह परीक्षा कुल 6205 पदों के लिए हो रही है. ग्रुप- सी के लिए 2739 और ग्रुप- डी के लिए 3466 वैकेंसी है. इसके लिए राज्य भर में 1500 केंद्रों पर परीक्षा ली जाएगी. आन्सरशीट की जांच कंप्यूटर द्वारा की जाएगी. राजेश टोपे ने कहा कि अगर कोई गलत तरीका अपनाता हुआ पाया जाता है और कोई अगर विद्यार्थियों से यह दावा करता है कि वह परीक्षा पास करवा सकता है या किसी और तरीके से नौकरी दिलवा सकता है तो संबंधित विद्यार्थी और अभिभावक तुरंत ऐसे व्यक्ति के खिलाफ पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाएं. परीक्षा पारदर्शक तरीके से होगी, हम यह सुनिश्चित करेंगे. गलत अफवाहों पर ध्यान ना दें और कहीं कोई गड़बड़ी देखें तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
परीक्षा का आयोजन करने वाली कंपनी न्यासा कम्यूनिकेशंस से संबंधित एक ऑडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसमें एक दलाल और मध्यस्थ के बीच बातचीत में  5 से 15 लाख रुपए लेकर नौकरी दिलवाने का दावा किया जा रहा है. इस कंपनी के ब्लैक लिस्टेड होने और इस कंपनी से संबंधित नॉट क्वालिफाइड होने के आदेश के बावजूद इसी कंपनी को परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी क्यों दी गई? यह सवाल उठ रहा है.

Weather Forecast

Advertisement

Live Cricket Score

Stock Market | Sensex

Advertisement